गांव मिल्क खास में खेत का गोहर और खाल जोतने का विरोध करने की रंजिश में छह लोगों ने पिता-पुत्र पर डंडों और बिंडो से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। पुलिस ने शिकायत पर छह आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामनगर कॉलोनी निवासी चंद्रशेखर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती बाड़ी करता है। उनकी जमीन गांव मिल्क खास में है। उसके चाचा ऋषि पाल की जमीन भी उनके खेत के साथ लगती है। उसके चाचा की जमीन मिल्क खास निवासी दिनेश उर्फ सूरज ने ठेका पर ले रखी है। दिनेश कुमार ने धान के पिछले सीजन में उनके खेतों में आने वाला कच्चे रास्ते (गोहर) व पानी देने वाली खाल को जोत दिया था। उस समय उनकी बहस हो गई थी। तब से आरोपी उनसे रंजिश रखे है। उसी रंजिश में नौ अगस्त को जब वह अपने पिता जयकुमार के साथ अपने खेतों में गया तो आरोपी दिनेश उर्फ सूरज उनसे बहस करने लगा। कुछ देर बाद वह वहां से चला गया। करीब 15 मिनट बाद आरोपी दिनेश ने अपने साथी दिक्षित, रितूपर्ण उर्फ टेकू, संजय, अमित उर्फ तोता, गोपाल व अन्य के साथ डंडे और बिंडों से उस पर व उसके पिता पर हमला बोल दिया। इस हमले में उनके सिर, टांगों, कमर व बाजुओं व अन्य स्थानों पर चोटें लगी। आसपास के लोगों को आता देख आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से फरार हो गए। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां उन्हें उपचार दिया गया। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी। जांच अधिकारी मनीष का कहना है कि मामले में छह आरोपियों को नामजद किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।