यमुनानगर। गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग को लेकर सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी का धरना मंगलवार को भी जारी रहा। भाकियू के जिलाध्यक्ष संजू गुंदियाना ने स्पष्ट किया कि जब तक सरकार गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं करती, तब तक वे शुगर मिल में गन्ने की सप्लाई नहीं करेंगे।
संजू गुंदियाना ने कहा कि मंगलवार को सरस्वती शुगर मिल के नए पेराई सत्र का शुभारंभ तो हो गया, लेकिन मिल को चलाने के लिए गन्ना उपलब्ध नहीं हुआ। किसानों ने गन्ने की छिलाई रोककर अपनी एकजुटता का परिचय दिया है। इसके लिए सभी किसान बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि किसान अपनी मांग को लेकर एकजुट हैं और किसी भी दबाव में आंदोलन समाप्त नहीं करेंगे।
विज्ञापन
गुंदियाना ने आरोप लगाया कि सरकार पंजाब और उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर गन्ने का भाव नहीं बढ़ा रही है। यदि हरियाणा में गन्ने का भाव ज्यादा बढ़ाया जाता है तो दूसरे राज्यों में चुनाव प्रचार के दौरान वहां के नेताओं को जवाब देना पड़ सकता है।
भाव कम रखने पर हरियाणा के किसानों की नाराजगी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इन राजनीतिक परिस्थितियों के बीच प्रदेश का किसान नुकसान उठा रहा है। सरकार को किसानों की मांग माननी पड़ेगी और गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करना होगा। किसान भी अपनी मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि किसान बढ़ा हुआ भाव लेकर ही रहेंगे।