संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। भारत पर 25 फीसदी टेरिफ लगाने के विरोध में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पुतला दहन किया जाएगा। इसे लेकर शनिवार को संयुक्त किसान मोर्चा जिला यमुनानगर की बैठक किसान नेता एडवोकेट धर्मपाल चौहान की अध्यक्षता में जगाधरी में हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 13 अगस्त को कॉर्पोरेट भारत छोड़ो दिवस पर अनाज मंडी जगाधरी गेट के सामने धरना, प्रदर्शन करके ट्रंप-मोदी का पुतला दहन किया जाएगा।
भारतीय किसान यूनियन टिकैत के नेता एडवोकेट साहब सिंह गुर्जर, अखिल भारतीय किसान सभा अजय भवन के प्रदेश अध्यक्ष गुरभजन सिंह मझैल ने कहा कि मोदी सरकार कृषि को देसी और विदेशी कॉरपोरेट क्षेत्र के लिए पूरी तरह खोलने पर उतर आई है। अमेरिका की ओर से व्यापार समझौते का दबाव बढ़ा दिया गया है।
अमेरिका और ब्रिटेन के कृषि उत्पादनों से आयात शुल्क घटा दिया गया तो हमारे देश की मार्केट में हमारे कृषि उत्पादन उनके मुकाबले टिक नहीं पाएंगे और पिट जाएंगे। उनके कृषि उत्पादन के सस्ते होने का मुख्य कारण यह है कि विकसित देश कृषि को बहुत ज्यादा सब्सिडी देते हैं। अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने अमेरिका में आने वाले सभी प्रकार के आयात पर एकतरफा टैक्स लगाने की घोषणा कर दी है।
अपनी आर्थिक और सैनिक शक्ति का लाभ उठाते हुए अमेरिका ने डब्ल्यूटीओ के बहुपक्षीय नियमों को ताक पर रखकर एक तरफा टैरिफ लगाए हैं। यह घोषणा अंतरराष्ट्रीय नियमों का खुला उल्लंघन है। दूध, दही, मक्खन घी तथा पोल्ट्री और सेब वगैरा से आयात शुल्क घटाए गए तो भारत के आठ करोड़ पशुपालकों और सेब उत्पादकों की आजीविका बर्बाद हो जाएगी। इस मौके पर नैब सिंह, दीप राणा, बनारसी दास व एडवोकेट कर्मचंद मौजूद रहे।