साढ़ौरा। बिजली किल्लत से परेशान किसानों ने भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले ब्लॉक प्रधान सतपाल मानकपुर की अध्यक्षता में शुक्रवार को पावर स्टेशन पर धरना दिया। इस दौरान किसानों ने बिजली निगम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से बिजली नहीं मिलने पर वे फसल की बिजाई और धान की रोपाई नहीं कर पा रहे हैं।
सतपाल मानकपुर ने कहा कि उन्होंने सरकार और बिजली निगम को पहले ही आगाह किया था कि किसानों को बिजली की किल्लत नहीं होने दें नहीं तो किसान सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर होंगे। बार-बार बिजली कटों के कारण मजबूरन हमें धरना लगाना पड़ा। उन्होंने कहा कि हमारी कुछ समय पहले भी इस समस्या के संबंध में बिजली निगम अधिकारियों संग बैठक हुई थी, जिसमें उन्होंने रोजाना बिजली देने की बात कही थी पर इसके बाद भी किसानों को बिजली नहीं मिल पा रही है। जबकि फसल के लिए आठ घंटे बिजली की आवश्यकता है।
उधर पावर स्टेशन पर किसानों द्वारा धरने की सूचना मिलते ही बिजली निगम के जेई राजेश कुमार किसानों के बीच पहुंचे। उन्होंने किसानों से धरना खत्म करने की बात कही, लेकिन किसानों ने उनकी एक नहीं सुनी। इसके बाद बिलासपुर के एसडीओ मौके पर पहुंचे। काफी देर तक माथापच्ची करने के बाद किसानों ने धरना समाप्त किया। बिजली बोर्ड के एक्सईएन संजीव कुमार ने कहा कि थर्मल प्लांट के कुछ यूनिट बंद हो चुके हैं, जिसके कारण बिजली की किल्लत आ रही है। किसानों की समस्या के बारे में उच्च अधिकारियों से अवगत करवा दिया गया है। जल्द ही समस्या का हल किया जाएगा।