संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय परिसर में वीरवार को भारतीय किसान यूनियन चढूनी की तरफ से धान और बाजरे की सरकारी खरीद शुरू करवाने को लेकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया गया। धरनास्थल पर किसान सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक भूख हड़ताल पर बैठे। इस दौरान किसानों ने एडीसी नवीन आहूजा के माध्यम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नाम मांग पत्र दिया। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदेश संगठन सचिव हरपाल सुढल व जिला अध्यक्ष संजू गुंदियाना ने कहा कि किसान लंबे समय से मांग कर रहे हैं कि धान की सरकारी खरीद 15 सितंबर से शुरू कर दी जाए, लेकिन आज 18 तारीख हो चुकी है। आज तक सरकार ने सरकारी खरीद शुरू करने के लिए कोई आदेश नहीं दिए। 10 सितंबर को भारतीय किसान यूनियन की बैठक सीएम से चंडीगढ़ में सीएम निवास पर हुई थी, जिसमें सीएम ने कहा था कि हम जल्द शुरू करने की घोषणा कर देंगे।
सरकार ने केंद्र सरकार को अनुमति के लिए लेंटर लिख दिया है। सभी मंडियों में हजारों क्विंटल धान पहुंच चुका है, वहां पर मनचाहे दामों पर धान को लूट रहे हैं। अगर सरकार जल्द ही धान की खरीद शुरू नहीं करती तो 22 सितंबर को प्रदेश का किसान कुरुक्षेत्र के पिपली में जीटी रोड के पास ताऊ देवीलाल पार्क में इकट्ठे होंगे और अगला निर्णय लेंगे।
उसमें चाहे जीटी रोड जाम करने की बात हो या सीएम हाउस के घेराव की, यह फैसला 22 तारीख को लिया जाएगा। इस मौके पर मुख्य रूप से भाकियू जिला सचिव विक्रांत, जगाधरी ब्लॉक प्रधान परमजीत सिंह पम्मी, पूर्व अध्यक्ष कृष्ण पाल, व्यासपुर ब्लॉक प्रधान नैब सिंह, छछरौली ब्लॉक प्रधान राजकुमार, प्रतापनगर ब्लॉक प्रधान जगतार सिंह, छात्र विंग जिला अध्यक्ष तुषार खुब्बड़, रादौर ब्लॉक प्रधान जोगिंद्र सिंह, साढौरा ब्लॉक प्रधान सतपाल राणा, कुरुक्षेत्र जिला प्रभारी पप्पल, व्यासपुर युवा उपाध्यक्ष नवनीत सिंह, पूर्ण सिंह काठवाला, रणधीर सिंह, कर्मवीर सिंह, निर्मल सुरेश पाल भागू माजरा, जसबीर सिंह, होशियार सिंह समेत अन्य उपस्थित रहे।