फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: गन्ने का भाव 600 रुपये करने के लिए किसानों का बेमियादी धरना

Mon, 16 Nov 2026 01:29 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
शुगर मिल के गन्ना यार्ड में धरने के दौरान नारेबाजी करते भाकियू के पदा​धिकारी व किसान। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। गन्ने का उचित मूल्य देने की मांग को लेकर भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) ग्रुप के किसानों ने रविवार को सरस्वती शुगर मिल के गन्ना यार्ड में धरना शुरू कर दिया। सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों ने दो टूक कहा कि जब तक सरकार गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल नहीं करती, तब तक शुगर मिल को चलने नहीं दिया जाएगा। किसानों ने धरनास्थल पर टेंट लगा दिया है। उनका यह धरना 24 घंटे जारी रहेगा और किसान रात भी टेंट में ही बिताएंगे।
भाकियू के जिला अध्यक्ष संजू को गुंदियाना ने कहा कि सरस्वती शुगर मिल में इस वर्ष 17 नवंबर से गन्ने की पेराई शुरू होनी है। इससे पहले ही किसानों ने सरकार और मिल प्रबंधन के सामने अपना विरोध दर्ज कराने के लिए गन्ना यार्ड में धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसान लंबे समय से गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग कर रहे हैं।
विज्ञापन

सरकार इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। जब तक मांग पूरी नहीं होती, मिल को चलने नहीं दिया जाएगा। इसके बाद 20 नवंबर से प्रदेश की अन्य चीनी मिलों के बाहर भी धरने शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने गन्ने के भाव में मात्र 15 पैसे प्रति किलो की बढ़ोतरी की है। यह किसानों के साथ भद्दा मजाक है। किसान इस भाव पर शुगर मिलों को अपना गन्ना नहीं देंगे। सरकार को किसानों की मेहनत और बढ़ती लागत को देखते हुए गन्ने का उचित मूल्य देना चाहिए।
भाकियू के निदेशक मनदीप सिंह रोड छप्पर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने इस वर्ष गन्ने के भाव में केवल 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोतरी की है, जबकि खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, कीटनाशक, डीजल और मजदूरी महंगी होने से किसानों का खर्च काफी बढ़ गया है। इसके बावजूद सरकार गन्ने का उचित मूल्य देने को तैयार नहीं है।
विज्ञापन

मांग पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
गुंदियाना ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर गन्ने की फसल तैयार करते हैं, लेकिन लागत के मुकाबले उन्हें उचित मूल्य नहीं मिल रहा। इससे किसानों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों की मांग है कि गन्ने का भाव 600 रुपये प्रति क्विंटल किया जाए। जब तक सरकार उनकी मांग पूरी नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा और प्रदेश की शुगर मिलों को चलने नहीं दिया जाएगा। इस मौके पर भाकियू जिला महासचिव गुरवीर सिंह, मनदीप रोड छप्पर, पम्मी ससौली, शिव कुमार संधाला, सोनू लेदा, सुरेश पाल, बलविंद्र कलानौर, राजीव, राजेश और जगबीर रूलाखेड़ी सहित अन्य किसान मौजूद रहे।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें