संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वतीनगर(यमुनानगर)। छप्पर गांव में खेत की डोल को लेकर रविवार देर शाम को दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस दौरान 44 वर्षीय विरेंद्र कुमार की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। उसके बाद परिजन शव को लेकर थाना छप्पर पहुंचे और परिजनों ने अंबाला-सहारनपुर नेशनल हाईवे पर शव को रख जाम लगा दिया।
परिजनों ने पुलिस पर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही शव का संस्कार करने की बात कही। हाईवे जाम होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। इससे दोपहर साढ़े 12 से डेढ़ बजे तक एक घंटे तक जाम में वाहन फंसे रहे।
हाईवे जाम की सूचना मिलने पर थाना छप्पर एसएचओ रामपाल व डीएसपी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को जाम खोलने का आग्रह किया। इस दौरान पुलिस के साथ काफी नोकझोंक हुई। काफी मशक्कत के बाद आखिरकार परिजन जाम खोलने के लिए राजी हुए। इसके बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हुई। पुलिस ने आठ आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में छप्पर गांव के गौरव ने बताया कि 14 जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे उसके पिता विरेंद्र कुमार (45) रकबा छप्पर मंसूरपुर रोड गए थे। वहां उन्होंने देखा आरोपी राजिंद्र कुमार, सोहन उनके खेताें की डोल को काट रहे थे। जब पिता विरेंद्र कुमार ने डोल को काटने से मना किया तो आरोपियों ने उनका गला पकड़ लिया और मारपीट शुरू कर दी।
इतना ही नहीं आरोपी राजिंद्र व सोहन ने फोन कर अपने परिवार के अन्य सदस्य मनीष कुमार, मोहन, संजीव, सौरव, बंटी व विपिन को भी मौके पर बुला लिया। जोकि हाथों में डंडे व लाठियां लेकर वहां पहुंच गए। आरोपियों ने आते ही उसके पिता विरेंद्र कुमार के ऊपर लाठी व डंडे बरसाने शुरू कर दिए। झगड़े के बारे में पता चलते ही वह खुद अपने छोटे भाई रजत कुमार तथा ताऊ के लड़के अनिल कुमार मौके पर पहुंचे।
देखा सभी आरोपी उसके पिता विरेंद्र के ऊपर लाठियां बरसा रहे थे। गौरव के बयान के मुताबिक उसने व छोटे भाई रजत ने अपने पिता विरेंद्र को किसी तरह से आरोपियों के चंगुल से छुड़वाया। तभी आरोपी राजिंद्र कुमार व सोहन ने उनके ऊपर भी डंडों से हमला कर दिया। इस वह दोनों घायल हो गए और पिता विरेंद्र कुमार की गर्दन के पिछले हिस्से पर चोटें लगने से बेहोश हो गए। वे पिता विरेंद्र कुमार को जगाधरी के सरकारी अस्पताल ले गए।
वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरोप है राजिंद्र, सोहन, मनीष कुमार, मोहन, संजीव, सौरव, बंटी व व विपिन ने उनके पिता विरेंद्र कुमार की पीट-पीट कर हत्या की है। पुलिस ने शिकायत मिलने पर इन आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
खेत की डोल को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। झगड़े में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। पीड़ितों के बयान दर्ज करने के बाद मामले में आठ आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उनकी धरपकड़ शुरू कर दी है। - रामपाल, एसएचओ थाना छप्पर।