संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रास्ते में गई जमीन को निशानदेही के बाद खेत में दोबारा मिलाने पर किसान पर कुछ लोगों ने डंडों व धारदार हथियारों से पिटाई कर दी। घटना थाना छप्पर क्षेत्र के अजीजपुर-शाहपुर के रास्ते लग रहे खेतों में हुई। किसान ने पिटाई करने का आरोप गांव शाहपुर के छह लोगों लोगों पर लगाया और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने सभी छह लोगों को विभिन्न धाराओं में नामजद कर लिया।
शिकायत में गांव लवाना निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उनके गांव अजीजपुर से शाहपुर जाने वाले रास्ते के साथ खेत लगते हैं। 11 अक्तूबर को जमीन की निशानदेही तहसीलदार के आदेश पर सेवानिवृत्त कानूनगो व पटवारी से कराई थी। इसमें खेत की जमीन रास्ते में आ गई थी। कानूनगो के बताए अनुसार रास्ते पर चूना गिरा दिया गया था। इसके बाद जेसीबी से रास्ते में गई जमीन को खेत में मिलाने लगा।
तभी गांव शाहपुर निवासी मनजीत सिंह, सोनू फौजी, गगन, लखविंद्र, भूपिंद्र व बलविंद्र व अन्य लोग आए और गाली-गलौज करते हुए काम रुकवा दिया। आरोप है कि मनजीत सिंह ने पिस्तौल निकाल कर तान दी और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान उसके साथियों ने डंडों व धारदार हथियारों से उसकी पिटाई कर दी।