संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। मुकंद लाल राष्ट्रीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में क्रिकेट टूर्नामेंट हुआ। इसमें फरीदाबाद टीम विजेता रही। लुधियाना टीम उपविजेता रही। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया। विजेता व उपविजेता दोनों टीमों को ही 21-21 हजार रुपये का इनाम दिया गया।
मोहयाल सभा के प्रधान विपिन मोहन ने बताया कि मोहयाल बिरादरी रायजादा बीड़ी बाली के नाम क्रिकेट टूर्नामेंट करती है। इस बार टूर्नामेंट में फरीदाबाद, यमुनानगर, देहरादून, जालंधर, लुधियाना, दिल्ली, जगाधरी वर्कशॉप की टीमों ने हिस्सा लिया। अंतिम मुकाबला फरीदाबाद व लुधियाना की टीमों के बीच हुआ। इसमें फरीदाबाद ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 135 रन बनाए।
इसके बाद बारिश होने से मुकाबला रुक गया। बाद में फरीदाबाद की टीम को विजेता घोषित कर दिया गया। टूर्नामेंट के समापन पर मोहयाल भवन में आयोजित सम्मान समारोह में यमुनानगर विधायक घनश्याम दास अरोड़ा ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। अरोड़ा ने कहा कि युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिले और उनकी प्रतिभा सामने आए, सभा की यह पहल सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि युवा देश का भविष्य है, उन्हें हर क्षेत्र में आगे आना होगा तभी देश विकसित होगा। अध्यक्ष विनोद दत्त ने कहा कि वह युवाओं को आगे लाना चाहते हैं, इसलिए इस तरह के कार्यक्रम करवा रहे हैं। सभा के पूर्व अध्यक्ष बीडी वाली का यह सपना था, जो आज पूरा हुआ है।