संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर/ रादौर। शहर के युवा आढ़ती का फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर परिचितों से रुपये मांगने का मामला सामने आया है। आढ़ती ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। थाना रादौर पुलिस ने शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मंडी के आढ़ती अभिषेक आहुजा ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उसका फेसबुक पर एक अकाउंट है। किसी व्यक्ति ने उसके नाम से एक फर्जी अकाउंट बनाया है। वह उसके परिचितों से फेसबुक अकाउंट के जरिए संपर्क कर रुपये मांग रहा है। इसके बारे जब परिचितों ने उसे फोन करके पूछा तो उसे इसके बारे में पता चला। परिचितों ने उसे उसका अकाउंट और चैट भी दिखाई।
फर्जी अकाउंट संचालक उसके पहचान वालों में से किसी से दस हजार और किसी से बीस हजार रुपये मांग रहा है। तब उसे पता चला कि उसका फर्जी अकाउंट बनाया उसके परिचितों व रिश्तेदारों से ठगी की जा रही है। ठग ने अकाउंट बनाकर मुज्जफनगर का पता लिखा हुआ है और उसके परिवार की फोटो लगाई हुई है। पुलिस ने आढ़ती की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी सुखविंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद जो तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी हो चुके हैं मामले
फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर रिश्तेदारों व परिचितों से रुपये मांगने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ऐसे केस सामने आए हैं। हाल ही में हरियाणा उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र मित्तल का फर्जी अकाउंट बनाकर उनके पहचान वालों से रुपये मांगे गए थे, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई और पुलिस ने केस भी दर्ज किया है। इसके अलावा शहर के करीब छह व्यापारियों के ऐसे ही फर्जी अकाउंट बनाए गए हैं।