इंटरनेट बैंकिंग से बैंक के एक खाते को हैक कर पांच लाख रुपये निकालने के
आरोप में जगाधरी शहर पुलिस ने एक फैक्टरी के प्रोपराइटर समेत दो लोगों के
खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई सिंडीकेट बैंक
जगाधरी शाखा मैनेजर की शिकायत पर की। मामले में अभी किसी आरोपी को
गिरफ्तार नहीं किया गया है। सिंडीकेट बैंक की जगाधरी शाखा के मैनेजर
राजीव कुमार राणा ने बताया कि 20 सितंबर 2013 को बैंक के खाता नंबर
82861010000608 से किसी ने इंटरनेट बैंकिंग के जरिये पांच लाख रुपये निकलवा
लिए। खाते से अवैध तरीके से निकाली गई नकदी का पता चलने पर उन्हाेंने
मामले की जांच की।
जांच में उन्हें पता चला कि जगाधरी की कंचन एंटरप्राइजिज
के प्रोपराइटर नरेश गुप्ता ने रूप नगर कॉलोनी निवासी देश दीपक के साथ
मिलकर इंटरनेट के माध्यम से अकाउंट को हैक कर फर्जी तरीके से बैंक के खाते
से पांच लाख रुपये निकाल लिए हैं।
इस बारे में पता चलने पर बैंक मैनेजर ने
आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। शहर जगाधरी पुलिस ने बैंक
मैनेजर की शिकायत पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला
दर्ज कर लिया। जगाधरी शहर पुलिस ने मामले की जांच पुलिस की सीआईए शाखा को
दी है। मामले में अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है।
अकाउंट हैक कर डाल देते थे अपना नंबर
सीआईए
शाखा प्रभारी अजय राणा ने बताया कि आरोपी इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से
बैंक के अकाउंट नंबर को हैक कर उसके स्थान पर अपना अकाउंट नंबर डाल देते
थे। जब बैंक उपभोक्ता अपने अकाउंट नंबर में पैसे जमा करवाता था तो वह
उपभोक्ता के अकाउंट नंबर के बजाय हैक किए हुए अकाउंट में जाते थे।