संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रादौर निवासी राइट डायरेक्शन कोचिंग संस्थान के मालिक से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग हरकत में आया और शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई।
एहतियात के तौर पर संस्थान संचालक के रादौर स्थित आवास पर पुलिस सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। जानकारी के अनुसार नोनी राणा गैंग के सदस्य बताए जा रहे शुभम पंडित की ओर से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी मिली। रंगदारी नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दिए जाने का भी आरोप है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत कर दी है।
वहीं धमकी किस माध्यम से दी गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी पुलिस टीम जांच कर रही है। साइबर और तकनीकी पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है ताकि आरोपियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
उधर, घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।