संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। श्री गुरु नानक गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल में दसवीं कक्षा की गणित परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों को नकल करवाने के मामले में प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। उपायुक्त प्रीति ने परीक्षा केंद्र के इंविजिलेटर (परीक्षा निरीक्षक) पंकज नागरा को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।
सीटीएम पीयूष गुप्ता ने फ्लाइंग स्क्वॉड के साथ परीक्षा केंद्र पर अचानक जांच की थी। जांच के दौरान पंकज नागरा को कुछ विद्यार्थियों को अनुचित साधनों का प्रयोग करने में मदद करते हुए पाया, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी गई। प्रशासन ने इसे परीक्षा की निष्पक्षता के खिलाफ गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित कर्मचारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की है। बोर्ड को भी पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट भेज दी गई है, ताकि नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
डीसी ने स्पष्ट किया कि परीक्षाओं की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही अन्य परीक्षा केंद्रों को भी नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीसी ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि सभी केंद्र अधीक्षक को निर्देश दें और सचेत करें कि परीक्षा की शुचिता और गरिमा के अनुरूप अपने दायित्वों का निर्वहन करें अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी।