संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जीएसटी बचत उत्सव अभियान के तहत राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा, पूर्व मंत्री कंवरपाल गुर्जर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा व मेयर सुमन बहमनी ने मंगलवार काे जगाधरी शहर में दुकानदारों से भेंट कर उन्हें घटे हुए जीएसटी का लाभ उपभोक्ताओं को देने को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जीएसटी कम होने पर होने वाले लाभों की बात की गई।
रेखा शर्मा ने दुकानदार व व्यापारियों को जीएसटी कम होने के पंपलेट वितरण करते हुए बताया कि पहले भारत में जीएसटी की चार स्लैब थीं। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाजपा सरकार सरकार ने टैक्स संरचना को सरल बनाते हुए इसे दो स्लैब में बदल दिया है। पहले जो वस्तु 28 प्रतिशत वाले स्लैब में थीं, उन्हें 18 प्रतिशत में शामिल कर दिया गया है और जो 12 प्रतिशत में थीं उन्हें पांच प्रतिशत में ला दिया गया है।
कुछ आवश्यक वस्तुओं पर जो पहले पांच प्रतिशत टैक्स लगता था, उसे भी घटाकर शून्य कर दिया गया है। इस सुधार से हर वर्ग को लाभ मिला है। कंवरपाल गुर्जर ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में चल रही हरियाणा सरकार भी आम जनता तक कम हुए जीएसटी का सीधा लाभ पहुंचाना सुनिश्चित कर रही है। इस दौरान जिला महामंत्री प्रवीण खदरी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी, पूर्व चेयरमैन रामेश्वर चौहान, मंडल अध्यक्ष प्रियंक शर्मा, जिला मीडिया प्रभारी कपिल मनीष गर्ग, जिला आईटी सह प्रमुख पीयूष गोगियान, दिनेश शर्मा साथ रहे।