संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट) के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा आरंभ होने से एक घंटा पहले केंद्रों में प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। उपायुक्त प्रीति ने अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि परीक्षा शुरू होने के बाद किसी भी परीक्षार्थी को समय से पहले परीक्षा केंद्र छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी अभ्यर्थी की तबीयत खराब होती है तो उसे पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए भेजा जाएगा। जिले में एचटेट के लिए 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। चार जुलाई को लेवल-3 की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक होगी।
वहीं पांच जुलाई को लेवल-2 की परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक तथा लेवल-1 की परीक्षा दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। दोनों दिनों में जिले के कुल 14,875 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे 10 मिनट पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचना होगा।
बिना वैध पहचान पत्र किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। दिव्यांग और दृष्टिबाधित परीक्षार्थियों को प्रति घंटे 20 मिनट के हिसाब से कुल 50 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा तथा उनके लिए अलग कक्ष की व्यवस्था की गई है। किसी भी परीक्षार्थी को मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अन्य प्रतिबंधित सामग्री परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।
केवल बिंदी, सिंदूर, मंगलसूत्र, धार्मिक प्रतीक और वैध पहचान पत्र साथ ले जा सकेंगे। परीक्षा केंद्रों पर जैमर, बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरे, वीडियोग्राफी और फ्रिस्किंग की व्यवस्था रहेगी। परीक्षा के दौरान केंद्रों के आसपास सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 लागू रहेगी तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास फोटोस्टेट की दुकानें बंद रहेंगी। परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यमुनानगर और जगाधरी बस अड्डों से विशेष रोडवेज बसें चलाई जाएंगी।