जगाधरी। यमुनानगर जगाधरी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से अफ्रीका में कारोबार विषय पर एक विशेष सेमिनार करवाया गया। इसमें उद्योगपतियों, निर्यातकों व एमएसएमई प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय उद्योगों को अफ्रीकी देशों में उपलब्ध व्यापार व निर्यात अवसरों की जानकारी देना रहा।
मुख्यातिथि प्रदेश सरकार की प्रधान सचिव आईएएस अमनीत पी. कुमार रहीं। कार्यक्रम में सलाहकारों ने अफ्रीका विशेषकर तंजानिया में व्यापार स्थापित करने व भारतीय उद्योगों के लिए उपलब्ध निर्यात संभावनाओं पर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
विज्ञापन
इस दौरान प्रधान सचिव कुमार ने निर्यात को देश की आर्थिक प्रगति व एमएसएमई के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने उद्योगों में सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया तथा उद्यमियों को वैश्विक बाजारों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
सरकार के विदेशी सहयोगी विभाग के सलाहकार पवन कुमार चौधरी ने भारत और अफ्रीकी देशों के बढ़ते व्यापारिक संबंधों के बारे में बताया। इस दौरान जिला एमएसएमई के संयुक्त निदेशक वीपी सिंह अहलूवालिया ने उद्योगों को बढ़ावा देने वाली नीतियों के बारे में बताया। अध्यक्ष अमित गोयल ने उद्योग हित में किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया। कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष रमन सलूजा, सचिव जनरल समीरा सलूजा, विभोर पाहुजा सहित अन्य उपस्थित रहे।