यमुनानगर। पुराना हमीदा स्थित चौहान क्लीनिक के डाक्टर अभिनव व उनके सहयोगी मोहम्मद मुर्शीद पर सात-आठ युवकों ने रॉड व डंडों से हमला कर घायल कर दिया। हमलावरों ने क्लीनिक के अंदर घुसकर उनसे मारपीट की। उस समय डॉक्टर अभिनव और उसका सहयोगी एक मरीज का उपचार कर रहे थे। तभी हमलावर क्लीनिक में घुसे और मारपीट की। मारपीट की घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। मामले की पुलिस को शिकायत दी गई है।
चौहान क्लीनिक के डाॅक्टर अभिनव ने बताया कि बुधवार को कार की अचानक खिड़की खोलने से जगाधरी निवासी एक व्यक्ति घायल हो गया था। वह इलाज कराने के लिए क्लीनिक पर पहुंचा था। रात करीब नौ बजे वह और उसका सहयोगी मोहम्मद मुर्शीद उसका इलाज कर रहे थे। तभी सात-आठ युवक क्लीनिक में घुस आए। उनके हाथों में राॅड व डंडे थे। मोहम्मद मुर्शीद ने उन्हें अंदर घुसने से रोका तो वह गाली गलौज करते हुए मारपीट करने लगे। हमलावरों ने मोहम्मद मुर्शीद के सिर में राॅड से वार किया। जिससे वह घायल हो गया। उसके सिर में पांच टांके लगे है। उन्होंने क्लीनिक में जमकर उत्पात मचाया। इन आरोपियों ने मरीज व उसके परिजनों के साथ भी मारपीट की। इसकी सूचना उन्होंने डायल 112 पर की। जिसके बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई है। क्लीनिक में घुसकर मारपीट करने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। जिसकी फुटेज भी पुलिस को दी गई है।
वर्जन
हमीदा चौकी के कार्यवाहक इंचार्ज लखविंद्र मसीह का कहना है कि मामले शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।