संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने शुक्रवार को शहर के मुख्य बाजारों में अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया। इस दौरान सफाई निरीक्षक अमित कांबोज की टीम ने दुकानों के बाहर सड़क पर रखा सामान अंदर करवाया और दुकानदारों को अतिक्रमण न करने के बारे समझाया। निगम की ओर से दुकानदारों को चेतावनी कि यदि अगली बार सड़क पर मिला तो यह जब्त कर लिया जाएगा।
इस दौरान जगाधरी के चौक बाजार, इंदिरा मार्केट, पंसारी बाजार, शर्मा टेंट हाउस सहित शहर के विभिन्न स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया।निगम के अभियान से दुकानदारों में हड़कंप मच गया। तमाम बाजारों में दुकानदारों ने टीम पहुंचने से पहले ही अपना सामान अंदर लिया। परंतु टीम लौटने के कुछ देर बाद फिर हालात जस के तस नजर आने लगे।
जोन एक में सीएसआई हरजीत सिंह, जोन दो में सीएसआई विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में दो दस्ते बनाए गए हैं। शुक्रवार को जोन एक में सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, सफाई निरीक्षक पंकज, सहायक सफाई निरीक्षक सचिन कांबोज व होमगार्ड की टीम ने शहर के चौक बाजार, इंदिरा मार्केट, पंसारी बाजार, शर्मा टेंट के पास अभियान चलाया।
इस दौरान टीम दुकानदारों को सामान अंदर रखने के लिए प्रेरित किया। निगम टीम को देखते ही दुकानदारों ने सामान समेटना शुरू कर दिया। इस दौरान देखा गया कि कुछ दुकानदारों ने सड़क तक सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ था। सफाई निरीक्षक अमित ने कहा कि दुकानदार आधी सड़क तक सामान रखकर अतिक्रमण कर लेते है, जो गलत है।
ऐसा करने से सड़क पर जाम लग जाता है और लोगों को परेशानी होती है। इसलिए दुकानदार इसका विशेष ध्यान रखें और अतिक्रमण न करें। अमित ने कहा कि यह अभियान चलता रहेगा, अभी दुकानदारों को चेतावनी दी गई है। यदि इसके बाद भी दुकानदार अतिक्रमण करते हैं, बाहर रखा सामान जब्त कर लिया जाएगा। इस दौरान नगर निगम टीम के बाजार में रहने तक दुकानदारों में हड़कंप दिखा।