फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: कर्मचारियों की हड़ताल स्थगित, आज से पटरी पर लौटेगी सफाई व्यवस्था

Fri, 15 May 2026 01:09 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
नगर निगम कार्यालय में धरने पर बैठे कर्मचारी। संवाद
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। एक मई से चल रही नगर निगम सफाई कर्मचारियों की हड़ताल वीरवार को भी जारी रही, लेकिन मुख्यालय स्तर पर हुई वार्ता के बाद दोपहर में इसे स्थगित कर दिया गया। कर्मचारियों ने घोषणा की कि शुक्रवार से वे दोबारा काम पर लौटेंगे। हड़ताल स्थगित होने की सूचना मिलते ही नगर निगम प्रशासन भी हरकत में आ गया और शहर में विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने तुरंत कई जेसीबी मशीनें लगाकर शहर के विभिन्न इलाकों से कूड़ा उठवाना शुरू कराया। जिन स्थानों पर लंबे समय से कूड़ा जमा था, वहां पर चूना डलवाया गया ताकि मक्खियों और कीटों के पनपने से लोगों को परेशानी न हो। निगम अधिकारियों के अनुसार हड़ताल खत्म होने तक शहर में करीब 1800 एमटी से अधिक कूड़ा सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा हो चुका था।
विज्ञापन

हड़ताल के कारण नगर निगम कार्यालय परिसर से लेकर शहर की गलियों, नालियों और मुख्य सड़कों तक गंदगी का अंबार लग गया था। कई जगहों पर बदबू और गंदगी से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बाजारों और रिहायशी इलाकों में भी हालात लगातार बिगड़ते जा रहे थे।
हड़ताल के दौरान डोर-टू-डोर कूड़ा उठान में लगी निजी एजेंसी के कर्मचारियों और नगरपालिका कर्मचारियों के बीच कई बार झड़प की स्थिति भी बनी। आरोप है कि विवाद के चलते कई स्थानों पर सड़क किनारे ही कूड़ा डाल दिया गया, जिससे समस्या और गंभीर हो गई। उधर, कांग्रेस शहरी जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने धरने पर पहुंचे कर्मचारियों को समर्थन दिया।
उन्होंने कहा कि सरकार को कर्मचारियों की मांगों पर पहले ही सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए था। उनके अनुसार कर्मचारियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं और सरकार को संवेदनशीलता के साथ उनका समाधान करना चाहिए। वहीं सफाई कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि फिलहाल आंदोलन को स्थगित किया गया है।
कर्मचारी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में उनकी मांगों का समाधान नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन शुरू किया जाएगा। दूसरी ओर नगर निगम प्रशासन का दावा है कि जल्द ही पूरे शहर की सफाई व्यवस्था सामान्य कर दी जाएगी और विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।
विज्ञापन

-
वर्जन:

हड़ताल स्थगित होने के बाद निगम की टीमें लगातार मैदान में डटी हुई हैं और अधिकांश शहर को साफ कर दिया गया है। निगम का प्रयास है कि पूरी रात सफाई कार्य जारी रखा जाए ताकि सुबह तक शहर पूरी तरह स्वच्छ नजर आए। निगम अधिकारियों और कर्मचारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं तथा कूड़ा उठाने के लिए अतिरिक्त वाहन भी लगाए गए हैं। सफाई व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
- महाबीर प्रसाद, आयुक्त, नगर निगम।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें