संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरातफरी मच गई। तीन मंजिला सचिवालय में उस वक्त रोजमर्रा का कामक चल रहा था। करीब 250 कर्मचारी और अधिकारी अपने-अपने कक्षों में फाइलों में व्यस्त थे। जैसे ही धमकी की खबर फैली, माहौल पलभर में बदल गया। कर्मचारी फाइलें, लैपटॉप और निजी सामान छोड़कर बाहर की ओर दौड़ पड़े।
कुछ ही मिनटों में पूरा सचिवालय खाली हो गया। कर्मचारियों के चेहरों पर डर साफ दिखाई दे रहा था। किसी ने फोन पर अपने परिजनों को सूचना दी तो कोई सहकर्मियों से हालात पूछता नजर आया। देखते ही देखते सचिवालय परिसर वीरान हो गया। सचिवालय की पहली मंजिल पर डीसी, तहसीलदार, सीटीएम, ट्रेजरी, डीडीपीओ और जगाधरी एसडीएम के कार्यालय हैं।
दूसरी मंजिल पर पुलिस अधीक्षक, एडीसी, हेड क्वार्टर डीएसपी और चुनाव कार्यालय स्थित हैं, जबकि तीसरी मंजिल पर डीआरओ, डीएसओ, प्लानिंग ऑफिसर, डीआईओ सहित पुलिस विभाग समेत करीब 20 कार्यालय संचालित होते हैं। धमकी को गंभीर मानते हुए सभी मंजिलों से अधिकारियों और कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकाला गया। सुरक्षा कारणों से सचिवालय के सभी प्रवेश और निकास द्वार बंद कर दिए गए। पुलिस ने पूरे परिसर को घेर लिया। आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। कुछ देर में बम स्क्वायड मौके पर पहुंचा और तलाशी अभियान शुरू किया गया। हर कमरे, गलियारे, सीढ़ियों और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की गई। पुलिस अधिकारी लगातार एक-दूसरे से संपर्क में रहे।
जिला सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी की सूचना शहर में आग की तरह फैल गई। व्हाट्सएप ग्रुपों में मैसेज वायरल होने लगे। लोग फोन कर एक-दूसरे से हालात पूछते रहे। कई कर्मचारी बाहर खड़े-खड़े ही घटनाक्रम पर नजर बनाए रहे।
कुछ ने बताया कि अपने पूरे सेवा काल में उन्होंने पहली बार इस तरह की स्थिति देखी है, जिससे वे मानसिक रूप से भी काफी घबरा गए। प्रशासन की ओर से कर्मचारियों और आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की गई। फिलहाल पूरे परिसर में पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
50 से ज्यादा जवानों ने खंगाला सचिवालय
सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, सीआईए की टीमें और पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। करीब 50 से अधिक जवानों ने तीन मंजिला जिला सचिवालय यमुनानगर के हर कोने की बारीकी से जांच शुरू की। लगभग साढ़े तीन घंटे तक चले इस सर्च ऑपरेशन के दौरान प्रत्येक कक्ष, गलियारे और आसपास के परिसर को खंगाला गया। सुरक्षा मानकों के तहत संदिग्ध वस्तुओं की गहन जांच की गई।
ई-मेल भेजने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे ः उपायुक्त
साढ़े तीन घंटे के तलाशी अभियान के बाद बम निरोधक दस्ते ने जिला सचिवालय को पूरी तरह सुरक्षित घोषित कर दिया। क्लीन चिट मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद उपायुक्त प्रीति मीडिया के सामने आईं और बताया कि यह धमकी भरी ईमेल प्रशासन की ऑफिशियल मेल आईडी पर प्राप्त हुई थी। प्रारंभिक जांच में मेल किसी संगठन से जुड़ी नहीं पाई गई है। मामले की गहन जांच जारी है और ई-मेल भेजने वाले की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। डीसी ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा एजेंसियों ने चप्पा-चप्पा खंगाल लिया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
जिला सचिवालय में कार्यालयों से बाहर आकर खड़े अधिकारी व कर्मचारी। संवाद
जिला सचिवालय में कार्यालयों से बाहर आकर खड़े अधिकारी व कर्मचारी। संवाद
जिला सचिवालय में कार्यालयों से बाहर आकर खड़े अधिकारी व कर्मचारी। संवाद
जिला सचिवालय में कार्यालयों से बाहर आकर खड़े अधिकारी व कर्मचारी। संवाद
जिला सचिवालय में कार्यालयों से बाहर आकर खड़े अधिकारी व कर्मचारी। संवाद