प्रतापनगर। भीषण गर्मी का असर अब कलेसर राष्ट्रीय उद्यान के वन्य जीवों पर भी साफ दिखाई देने लगा है। जंगल में पर्याप्त पानी और अनुकूल वातावरण न मिलने के कारण जंगली हाथियों का झुंड जंगल से बाहर निकलकर हाईवे पार करते हुए यमुना नदी की ओर रुख कर रहा है। पिछले कई दिनों से हाथियों को यमुना में पानी पीते और नहाते हुए देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे पहले लंबे समय तक हाथी जंगल से बाहर नहीं आए थे, क्योंकि जंगल के भीतर ही उन्हें पर्याप्त जलस्रोत और सुविधाएं उपलब्ध थीं। मौजूदा हालात यह संकेत दे रहे हैं कि जंगल में जल स्रोत अब हाथियों की जरूरत पूरी करने में सक्षम नहीं रह गए हैं। वन्य जीव विभाग के इंस्पेक्टर ज्योति राम ने बताया कि हाथियों का झुंड अपनी मर्जी से कहीं भी चला जाता है। जंगल में पानी की व्यवस्था के लिए टैंकर लगाए गए हैं।