Elephant entered the population from the forest, created a ruckus, ran after people, one injured
- फोटो : Yamuna Nagar
प्रतापनगर। जंगल से भटक कर एक हाथी शनिवार को कलेसर के बंजारा बांस में घुस गया। यहां हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने फसल तहस नहस कर दी। इस दौरान जब लोगों ने हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया, तो वह लोगों के पीछे दौड़ पड़ा। जिस पर लोगों ने इधर-उधर भागकर जान बचाई। इस दौरान गांव का एक व्यक्ति घायल हो गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन्य प्राणी विभाग को दी। विभाग से टीम गांव पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल में खदेड़ा।
कलेसर निवासी राजेश कुमार, कर्ण सिंह, महमूद, मतलूब हसन ने बताया कि शनिवार को एक हाथी जंगल से बंजारा बांस की बस्ती में घुस गया। ग्रामीणों ने आबादी में घुसते देख उसे खदेड़ने का प्रयास किया। लोगों को देखकर हाथी बिदक गया और लोगों के पीछे दौड़ पड़ा। ऐसे में जान बचाने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे और गांव में अफरा तफरी मच गई। सूचना पर वन्य प्राणी विभाग व पुलिस गांव पहुंची। इस दौरान काफी मशक्कत के बाद हाथी को जंगल में खदेड़ा जा सका। विभाग के जिला अधिकारी सुनील तंवर ने बताया कि जंगली जानवर मस्ती में कहीं भी चले जाते हैं। उन्हें रोका नहीं जा सकता है। सुनील तंवर ने लोगों से कहा कि जंगली जानवर आने पर उसे खदेड़ने का प्रयास न करें, बल्कि उसे रास्ता दें। अकसर लोगों व भीड़ को देखकर जानवर आक्रामक हो जाते हैं। हाथी मदमस्त प्रवृत्ति का होता है ऐसे में उसके रास्ते में बाधा डालना घातक हो सकता है।