संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सड़क हादसों में बिजली निगम के फोरमैन व रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मी की मौत हो गई। गांव फूंसगढ़ समीप हाइवे पर पंजेटो का माजरा निवासी फोरमैन बलदेव (49) को कैंटर ने टक्कर मार दी। वहीं कैंप समीप एसके रोड पर जम्मू कॉलोनी के रेलवे से सेवानिवृत्त गोपाल (66) को हाइड्रा क्रेन ने चपेट में ले लिया। दोनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
पंजेटो का माजरा निवासी बलदेव (49) बकाना में बिजली निगम के फोरमैन के पद पर कार्यरत थे। बलदेव रविवार देर शाम फूंसगढ़ समीप हाइवे से बाइक पर जा रहे थे, तभी एक पेट्रोल गाड़ी ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। राहगीरों ने बलदेव को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पुलिस व परिजन पहुंचे। चिकित्सकों ने बलदेव को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया और अज्ञात वाहन चालक पर मामला दर्ज कर लिया। बलदेव के दो बच्चे हैं, जिनमें एक 13 वर्षीय बेटी व 11 वर्षीय बेटा है। बलदेव की मौत के बाद घर पर मातम छाया है। हादसे में बलदेव को खो देने पर परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामला दर्ज कर आरोपी वाहन चालक का पता लगाया जा रहा है। वहीं दूूसरे हादसे में जम्मू कॉलोनी निवासी रेलवे से सेवानिवृत्त गोपाल राम (66) रविवार दोपहर किसी काम से कैंप जा रहे थे। इस दौरान कैंप समीप एसके (सहारनपुर-कुरुक्षेत्र) रोड पहुंचे तो सड़क पार करने लगे। इसी दौरान रादौर की ओर से आती हाइड्रा क्रेन ने गोपाल को अपनी चपेट में ले लिया।
गंभीर चोटें आने से गोपाल राम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे बेटे रणजीत सिंह ने पिता की तो थाना गांधीनगर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। रणजीत सिंह के बयान पर हाइड्रा क्रेन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।