संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह ट्रेन में सवार होने की कोशिश के दौरान 56 वर्षीय महिला का पैर फिसल गया। ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरातफरी मच गई। जीआरपी ने मौके पर पहुंचकर महिला को ट्रेन के नीचे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों के अनुसार आनंद कॉलोनी निवासी परमजीत कौर की पोती की नवंबर में शादी होनी है। शादी की तैयारियों के लिए वह रविवार सुबह अपनी बेटी और दामाद जगतार सिंह के साथ अंबाला कैंट जाने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंची थीं। परिवार को शादी के लिए कपड़ों की खरीदारी करनी थी। स्टेशन पर सहारनपुर की तरफ से लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली ट्रेन पहुंची।
ट्रेन रुकने के बाद उनकी बेटी सवार हो गई। इसके बाद परमजीत कौर भी ट्रेन में चढ़ने लगीं। इसी दौरान ट्रेन अचानक चल पड़ी। चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में उनका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसल गया। वह प्लेटफार्म और ट्रेन के बीच गिरकर पहियों की चपेट में आ गईं। हादसे की सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची।
पुलिसकर्मियों ने महिला को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। परमजीत कौर तीन बच्चों की मां थीं, जिनमें दो बेटे और एक बेटी है। जीआरपी के जांच अधिकारी बलजीत सिंह ने बताया कि परमजीत कौर के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले की जांच की जा रही है।