यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने रादौर रोड पर जोड़ियो गुरुद्वारा साहिब के पास खुले में मीट बेच रहे मीट विक्रेताओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। एसआई सुशील शर्मा के नेतृत्व में बनी टीम ने यहां आठ मीट विक्रेताओं के चालान किए और उनका सामान जब्त किया।
इस दौरान निगम की टीम ने उनके द्वारा सड़क किनारे किए अतिक्रमण को भी साफ कराया और मीट विक्रेताओं के खोखों को सड़क से काफी पीछे कराया। उपायुक्त कम नगर निगम आयुक्त प्रीति व अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार के निर्देशों पर यह कार्रवाई की गई। सफाई निरीक्षक सुशील शर्मा ने बताया कि रादौर रोड पर जोड़ियो गुरुद्वारा के समीप लंबे समय से सड़क किनारे खुले में मीट बेचे जाने की शिकायतें मिल रही थीं।
इन शिकायतों के आधार पर निगम आयुक्त के निर्देशों पर उनके नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। उन्होंने होमगार्ड के जवानों के साथ मिलकर मौके पर कार्रवाई की। उनकी टीम ने मौके पर जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन कर रहे आठ मीट विक्रेताओं के चालान काटे। इसके अलावा अवैध रूप से रखे गए सामान को जब्त किया गया।