यमुनानगर। शहर के रेलवे रोड को नॉन वेंडिंग जोन बनाने के लिए नगर निगम ने कवायद शुरू कर दी है। इसी को लेकर नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर निगम की टीम ने शहीद भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन चौक तक सड़क किनारे खड़ी रेहड़ियों को हटवाया। रेलवे रोड नॉन वेंडिंग जोन होने के बाद शहर के अन्य मार्गाें को भी नॉन वेंडिंग जोन बनाया जाएगा। सड़कों पर रेहड़ियां खड़ी होने से मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर निगम द्वारा शहर के मार्गों को नॉन वेंडिंग जोन बनाने का कार्य किया जा रहा है। वहीं, शहर में वेंडिंग जोन भी निर्धारित किए जाएंगे।
जहां केवल रेहड़ियां खड़ी होंगी। रेलवे राेड शहर का सबसे व्यस्त मार्ग है। रेलवे स्टेशन, रादौर रोड मार्केट, मीरा बाई बाजार, न्यू मार्केट, पुराना हमीदा समेत सहारनपुर की तरफ जाने वाले अधिकतर वाहन इसी मार्ग से निकलते है। ऐसे में मार्ग पर जगह जगह रेहड़ियां खड़ी होने व सामान रखा होने से मार्ग पर जाम की स्थिति बनी रहती है। कुछ दिन पहले नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद की अध्यक्षता में हुई टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक रेलवे रोड को नॉन वेंडिंग जोन घोषित करने का निर्णय लिया गया था।
जिसके बाद नगर निगम द्वारा रेलवे रोड से रेहड़ियों को हटाने का कार्य किया गया। नगर निगम द्वारा रेलवे रोड पर खड़ी होने वाली रेहड़ियों को हटाया जा रहा है। इसी के चलते सीएसआई विनोद बेनीवाल, सीएसआई अनिल नैन के नेतृत्व में एसआई सतबीर सिंह व होमगार्ड के जवानों की टीम ने रेलवे रोड पर शहीद भगत सिंह, गीता भवन, पेपर मिल गेट, न्यू मार्केट के आसपास खड़ी रेहड़ियों को हटाया गया।
ताकि रेलवे रोड को नॉन वेंडिंग जोन बनाया जाए। नॉन वेंडिंग जोन बनने से रेलवे रोड पर जाम नहीं लगेगा। आमजन को भी राहत मिलेगी। नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर को व्यवस्थित व सुंदर बनाने के प्रयास किए जा रहे है। शहर को व्यवस्थित व जनहित को ध्यान में रखते हुए रेलवे रोड को नॉन वेंडिंग जोन बनाने का निर्णय लिया गया है। इसी के चलते मार्ग से रेहड़ियों को हटाने का कार्य किया जा रहा है। वेंडिंग व नॉन वेंडिंग जोन बनने से होगी जाम की समस्या दूर : जगाधरी के प्रकाश चौक, बस स्टैंड, पुराना रेलवे रोड, सिविल लाइन, मुख्य बाजार, खेड़ा बाजार, बूड़िया चौक, मॉडल टाउन, वर्कशॉप रोड, संतपुरा रोड, अंबाला रोड, कोर्ट रोड समेत शहर के विभिन्न मार्गों व चौकों पर काफी संख्या में रेहड़ियां व फड़ियां लगती हैं। इससे बाजार में जाम के हालात बने रहते हैं। शहर में वेंडिंग व नॉन वेंडिंग जोन निर्धारित होने से शहर की सड़कों व बाजारों में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। संवाद