संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में पहले लोग ऑटो चालकों की मनमानी से परेशान थे। अब ई-रिक्शा ने निर्बाध यातायात व्यवस्था की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। शहर में 7000 से अधिक ई-रिक्शा चलने का अनुमान है, लेकिन इनके संचालन और पार्किंग के नियमों की अनदेखी से शहर के प्रमुख चौक और बाजार में जाम लग रहा है। चालक सवारी देखते ही कहीं भी ब्रेक लगा देते हैं। इससे हादसे का खतरा रहता है।
पहले शहर में ऑटो चलते थे। अब बड़ी संख्या में लोग ऑटो बेचकर ई-रिक्शा चला रहे हैं। सड़कों पर बेतरतीब खड़े ई-रिक्शा लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं। जिला नागरिक अस्पताल के सामने भी हर समय जाम जैसे हालात बने रहते हैं। पिछले एक साल में ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ ट्रैफिक पुलिस और संबंधित थानों में 18 से अधिक शिकायतें पहुंच चुकी हैं।
ई-रिक्शा से सबसे ज्यादा परेशानी जिला नागरिक अस्पताल के गेट पर है। इसके अलावा जगाधरी बस स्टैंड के यमुनानगर गेट, बूड़िया चौक, यमुनानगर बस स्टैंड के आसपास, भगत सिंह चौक से रमेश फास्ट फूड तक, रेलवे स्टेशन चौक और राजकीय आईटीआई जगाधरी वर्कशॉप चौक पर भी जाम की समस्या बनी रहती है।
आठ साल पहले बनाए गए स्टैंड खत्म
करीब आठ साल पहले रेलवे स्टेशन चौक, भगत सिंह चौक और मधु चौक से जगाधरी रोड पर ऑटो स्टैंड बनाए गए थे। इसका उद्देश्य ऑटो को निर्धारित स्थानों पर खड़ा करवाना था। अब इन स्टैंडों की व्यवस्था खत्म होने से चालक कहीं भी वाहन रोक देते हैं। वहीं, 18 साल से कम उम्र के किशोरों के ई-रिक्शा चलाने की बात भी सामने आ रही है, जिससे यातायात नियमों के पालन पर सवाल उठ रहे हैं।
लोग बोले - चालकों पर अंकुश लगना जरूरी
न्यू मार्केट के जितेंद्र सिंह का कहना है कि ई-रिक्शा चालक सवारी देखते ही अचानक ब्रेक लगा देते हैं। कई बार सड़क पर एक साथ कई रिक्शा खड़ी हो जाती हैं। इससे बाजार में जाम लगता है और दुकानों के सामने ग्राहकों को वाहन निकालने में परेशानी होती है। मॉडल टाउन निवासी रवि का कहना है कि अस्पताल और प्रमुख चौकों पर ई-रिक्शा की वजह से लोगों को रोजाना जाम झेलना पड़ता है। त्योहारों पर बाजारों में भीड़ बढ़ेगी, इसलिए प्रशासन को इनके लिए निर्धारित स्टैंड बनाने और नियमों का पालन करवाने की जरूरत है।
नियम न मानने वालों के होंगे चालान : संदीप
थाना यातायात प्रभारी संदीप कुमार ने कहा कि शहर की यातायात व्यवस्था खराब नहीं होने दी जाएगी। ई-रिक्शा चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके बावजूद नियमों का पालन नहीं करने वालों के चालान काटकर कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे स्टेशन रोड पर ई-रिक्शा की वजह से लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद
रेलवे स्टेशन रोड पर ई-रिक्शा की वजह से लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद
रेलवे स्टेशन रोड पर ई-रिक्शा की वजह से लगे जाम में फंसे वाहन। संवाद