यमुनानगर। पुलिस टीम ने पहले से एक मामले में जिला जेल जगाधरी में बंद आरोपियों को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर रिमांड पर लिया। आरोपियों के कब्जे से पूछताछ के दौरान 30 ग्राम सोना भी बरामद किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव जटेहड़ी निवासी संदीप कुमार ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह मनोहर कॉलोनी में किराए पर रहता है। 13 जनवरी की रात वह अपनी रिश्तेदारी में गया था।
सुबह लौटने पर उसने देखा कि घर के गेट का ताला बंद था लेकिन अंदर जाकर पाया कि कमरों की कुंडी टूटी हुई थी और अलमारी से सोने-चांदी के जेवरात चोरी हो चुके थे। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि बादल उर्फ राणा निवासी डेहा बस्ती, तीर्थ नगर और रोहित निवासी अंबाला कैंट इस वारदात में शामिल हैं। दोनों आरोपी पहले से ही एक अन्य मामले में जेल में बंद थे। पुलिस ने उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात कबूल कर ली। रिमांड के दौरान आरोपियों से 30 ग्राम सोना बरामद किया गया। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।