हरियाणा के यमुनानगर में सहारनपुर-कुरुक्षेत्र हाईवे पर कैंप समीप बीच रास्ते तेल खत्म होने से डंपर बंद पड़ गया। जिससे पीछे विश्वकर्मा चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसमें रोडवेज-स्कूल बसों सहित अन्य वाहन सवार करीब एक घंटे तक फंसे रहे। जाम देख पुलिस भी गलियों के रास्ते गाड़ी लेकर घटनास्थल पर पहुंची।
बाद में ट्रैक्टर-ट्रॉली से टोचन कर डंपर को लोगों ने धक्का लगाकर हाईवे से हटाया। जिससे ट्रैफिक जाम खुलने पर यातायात सुचारू हो पाया। दरअसल, दोपहर एक बजे डंपर चालक विश्वकर्मा चौक से जोड़ियों की ओर जा रहा था।
इसी दौरान कैंप समीप डंपर का तेल खत्म हो गया और वह बीच रास्ते बंद पड़ गया। जहां हाईवे से अन्य वाहन चालकों के निकलने का रास्ता नहीं बचा और डंपर के पीछे सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई।
आसपास के लोगों ने बताया कि डंपर बंद पड़ने पर तेल मंगाया, पर तेल डालने पर भी डंपर चालू नहीं हुआ। तब डंपर को ट्रैक्टर-ट्रॉली से टोचन कर लोगों ने धक्का लगा हाईवे से हटाया। तब तक घंटेभर हाईवे पर रोडवेज-स्कूल बसों सहित अन्य वाहन सवार जाम में फंसे रहे।