फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: बसों में सीट नहीं मिलने पर खड़े होकर करनी पड़ी यात्रा

Wed, 30 Aug 2023 11:51 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
विज्ञापन
संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

यमुनानगर। रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में मुफ्त सफर की सुविधा लेने के लिए यमुनानगर, जगाधरी सहित अन्य बस स्टैंड पर महिलाओं की काफी भीड़ रही। इस दौरान अधिकांश महिलाओं को बसों में सीट न मिलने पर खड़े होकर ही गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। बच्चों संग पहुंची बुजुर्ग और अन्य महिलाओं को बुधवार को भीड़ के चलते कई बसें छोड़नी पड़ीं।
जानकारी के अनुसार प्रदेश सरकार ने रक्षाबंधन पर प्रदेश की महिलाओं और उनके 15 वर्ष तक के बच्चों के लिए हरियाणा रोडवेज बसों में 29 अगस्त को दोपहर 12 बजे से 30 अगस्त की मध्यरात्रि 12 बजे तक मुफ्त यात्रा की सुविधा देने की घोषणा की थी। इसी के तहत यमुनानगर डिपो पर रोडवेज बसों में मंगलवार दोपहर 12 बजे से यह सुविधा शुरू हो गई। पहले दिन की तरह दूसरे दिन बुधवार भी महिलाओं सहित अन्य यात्रियों की भीड़ के आगे बसें कम पड़ गईं। सुबह से शाम तक बसस्टैंड पर महिलाओं व अन्य यात्रियों का जमावड़ा रहा। जिनके सामने रोडवेज की अतिरिक्त बसें भी नाकाफी साबित हुईं।
विज्ञापन

महिलाएं काफी समय तक बस स्टैंड पर इंतजार करती नजर आईं। उन्हें अपने गंतव्य पर जाने के लिए बसों में रही भारी भीड़ के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। इस वजह से कुछ महिलाओं ने निजी साधनों से ही जाना उचित समझा। रेलवे स्टेशन पर भी रक्षाबंधन के चलते दिनभर यात्रियों की काफी भीड़ देखी गई। बसस्टैंड पर पहुंची अर्पणा, वंदना, सुमन, रीटा, अमन ने बताया कि सरकार ने रक्षाबंधन के दिन बसों में महिलाओं के लिए किराया तो माफ कर दिया लेकिन बसों में अधिक भीड़ होने के कारण सीट मिलना तो दूर बस में चढ़ना भी मुश्किल हो रहा है। इसलिए रक्षाबंधन के मौके पर केवल महिला स्पेशल बसें चलाई जानी चाहिएं।
सीट नंबर के टोकन सिस्टम से भी नहीं मिली राहत
बहनों की मुफ्त सफर की सुविधा के लिए डिपो की 190 में ऑन रूट 172 बसों में दिल्ली, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, नारायणगढ़, सहारनपुर, पांवटा जैसे जिले के साथ लगते रूटों पर फेरे बढ़ाए गए। ऑन डिमांड चलाने को कई बसें रिजर्व भी रखीं गईं, जिन्हें जिस रूट के काउंटर पर भीड़ दिखी वहां लगाकर चला दिया गया। इसके बाद भी बसों में चढ़ने को लेकर भीड़ अनियंत्रित होती दिखी तो रोडवेज अफसरों ने कई रूटों पर सीट नंबर का टोकन सिस्टम चलाया। जिसके तहत बसों में चढ़ने से पहले महिलाओं को कतार में सीट नंबर के टोकन अलॉट किए गए। किंतु टोकन पहले लेने की होड़ में भी महिलाओं की बार बार कतार टूटती दिखी।
इन रूट की बसों के लिए लंबा इंतजार
यमुनानगर बस स्टैंड से सहारनपुर, जठलाना, बिलासपुर, प्रतापनगर, मुस्तफाबाद, साढौरा, छछरौली, साढौरा पाबनी रूट पर जाने वाले यात्री लंबा इंतजार करते नजर आए। इसके अलावा दिल्ली, चंडीगढ़, अंबाला, कुरुक्षेत्र, नारायणगढ़, सहारनपुर, पांवटा, कैथल, सोनीपत, पानीपत जैसे रूटों के यात्रियों की भीड़ अधिक होने से बसों में चढ़ने व सफर में परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन

रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त बस सुविधा के लिए अधिक डिमांड वाले रूटों पर पहले से बसों में टाइम बढ़ा दिए गए थे। साथ ही काफी बसे रिजर्व में रखी थी, जिन्हें जिस भी रूट के काउंटर पर यात्री अधिक दिखे वहां लगाकर चलाया गया। पूरा प्रयास किया गया कि महिलाओं व अन्य यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। - भीम सिंह, ड्यूटी इंस्पेक्टर, यमुनानगर डिपो
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें