संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। युवक को विदेश भेजने के नाम पर 20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने 20 लाख रुपये लेकर युवक को फ्रांस भेजने की बजाय दुबई, कतर और अफ्रीका भेज दिया। युवक जब वापस घर आया तो पीड़ितों ने आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी। इस पर आरोपियों ने रुपये वापस करने के लिए कहा। बाद में वापस नहीं किए। पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जगाधारी सदर थाना क्षेत्र के निवासी लखविंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेतीबाड़ी का काम करता है। उनके गांव की एक महिला ने उससे संपर्क किया और कहा कि उसके भाई विदेश में है और युवकों को विदेश भेजने का काम करती है। यह काम कुरुक्षेत्र में रहने वाली उसकी मां देखती है। आरोपियों ने दिल्ली के एजेंट हरमिंद्र उर्फ अमन से मुलाकात कराई।
इसके बाद आरोपियों ने उसके पुत्र को फ्रांस भेजने की बात कही और 13 लाख रुपये ले लिए। पांच जुलाई 2023 को उसके बेटे को विदेश भेज दिया। आरोपियों ने उसे दुबई भेजा। दुबई जाकर उससे पैसे की मांग की तो अमन के बताए व्यक्ति को पैसे भेज दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे दुबई से कतर भेज दिया। फिर कतर से दुबई बुलाया और फिर वेस्ट अफ्रीका के जामवीया देश में भेज दिया। वहां से वह बमुश्किल घर पर पहुंचा।
लखविंद्र का कहना है कि उनके साथ साजिश कर धोखाधड़ी करते हुए 20 लाख रुपये की ठगी की गई है। कुछ समय पहले इस मामले की शिकायत पुलिस से की गई थी। इसके बाद आरोपियों ने पैसे वापस करने की बात कही थी। बाद में पैसे वापस नहीं किए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एजेंट समेत चार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।