रादौर पुलिस ने जमालपुर बस अड्डे के पास एक किराना और एक सब्जी की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार के पास से नशे की 590 गोलियां बरामद कीं। पुलिस ने दुकानदार के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। थाना रादौर के एएसआई अमित कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव जमालपुर बस अड्डे के पास एक किराना और सब्जी की दुकान चलाने वाला नैबसिंह निवासी जमालपुर अपनी दुकान पर नशे की दवाइयां बेचने का काम कर रहा है।
जिसके बाद मामले की सूचना पुलिस के कर्मचारियों द्वारा डीएसपी रादौर रणधीर सिंह को दी गई। प्रशासन की ओर से दुकान पर रेड करने के लिए बीडीपीओ रादौर कवंरभान नरवाल को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। जिसके बाद पुलिस ने दुकान पर छापा मारा तो पुलिस को अलग अलग कंपनियों की भारी संख्या में नशीली दवाइयां बरामद हुई। पुलिस ने मामले की सूचना जिला औषधी नियंत्रण अधिकारी प्रवीन कुमार को देकर मौके पर बुलाया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर नशीली दवाईयों की जांच की। जांच के बाद लगभग 590 नशीली गोलियां दुकान से बरामद हुई। पुलिस ने इस बारे दुकानदार नैबसिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया।