यमुनानगर। देर शाम तेज हवा के बाद बूंदाबांदी से मिली राहत ज्यादा देर नहीं ठहर पाई। कुछ देर की बूंदाबांदी के बाद मौसम ने फिर करवट बदली और आसमान साफ हो गया। जिसके बाद रविवार का दिन बेहद गर्म रहा। उमस भरी गर्मी के कारण लोग घरों में ही दुबके रहे।
शनिवार को मौसम अन्य दिनों की अपेक्षा कुछ ठंडा रहा। गर्मी कम होने के कारण शनिवार को लोगों ने राहत मिली। जबकि सूरज ढलने के साथ ही हवा चलनी शुरू हो गई। शाम करीब सात बजे हवा आंधी में बदल गई। कुछ देर बार आसमान से राहत की बूंदें बरसीं। जिससे मौसम सुहावना हो गया। शाम को हल्की बारिश से लोगों को भारी राहत मिली, लेकिन यह राहत कुछ देर ही रही। करीब दो घंटे बाद बूंदाबांदी थम गई, इससे तापमान में गिरावट आई। रात को गर्मी कम रही। रविवार सुबह मौसम इसके विपरीत रहा। रविवार को आसमान बिल्कुल साफ हो गया और सुबह ही धूप निकल आई। दस बजे ही सूरज ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया। जिससे तापमान में भारी वृद्धि हुई। सुबह पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बूंदाबांदी के बाद निकली धूप ने उमस बढ़ा दी। उमस व गर्मी से लोग बेहाल रहे। इस दौरान अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रहा।
गर्मी के कारण छुट्टी के दिन भी लोग घरों में दुबके रहे। जिससे शहर की मुख्य सड़कें भी खाली नजर आईं। छुट्टी के दिन व्यस्त रहने वाले बाजार भी वीरान नजर आए। जहां दुकानदार व कर्मचारी खाली बैठे रहे। वहीं दूसरी तरफ पार्कों व ग्राउंड भी खाली रहे। शाम को सूरज ढलने के साथ लोगों ने घरों से निकलना शुरू किया। जिसके बाद सड़कों व बाजार में कुछ रौनक नजर आई। इस दौरान सबसे ज्यादा भीड़ शीतल खाद्य पदार्थों की दुकानों पर रही। गर्मी के कारण मिल्क बादाम, बादाम शरबत, जूस इत्यादि की मांग काफी बढ़ी रही। वहीं आईसक्रीम पार्लर व ठेलों भी लोगों की भीड़ देखी गई।