यमुनानगर। नेशनल हाईवे-73 पर बाई पास के पास मंगलवार को पलटी डीएवी कॉलेज की बस के मामले में पुलिस ने देर शाम बस चालक सुमित पर लापरवाही से बस चलाने का मामला दर्जकर लिया। पुलिस ने यह कार्रवाई हादसे में घायल हुई छात्रा भूत माजरा निवासी कोमल पंजेटा की शिकायत पर की है।
गौरतलब है कि हादसे में 32 छात्राएं घायल हो गईं थीं। घायल 32 छात्राआें में से 21 छात्राआें को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, 11 छात्राएं अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस जांच में सामने आया कि चालक का ड्राइविंग लाइसेंस भी नागालैंड का है।
उसके पास बस चलाने का पर्याप्त अनुभव भी नहीं है। पुलिस को दिए बयान में अस्पताल में उपचाराधीन भूतमाजरा निवासी कोमल ने बताया कि हाईवे पर पुल से नीचे उतरते वक्त बस की गति अधिक थी। जैसे ही बस पुल से नीचे उतरी तो बस के आगे से अचानक एक बाइक आ गई।
बाइक सवार युवकों को बचाने के चक्कर में चालक ने ब्रेक लगाई। जिसके बाद बस अनियंत्रित होकर पलट गई। बस पलटने से उसके साथ बस में सवार अन्य छात्राएं गंदापुरा निवासी मलिका, कान्हड़ी कला निवासी सुजाता, गोलनी निवासी नीतू, अकबरपुर निवासी प्रियंका, गोलनपुर निवासी दीक्षा, गंदापुरा निवासी सलोनी, स्यालवां उपासना, अंजलि, गोलनी निवासी पूजा, कान्हड़ी निवासी प्रीति, भूत माजरा निवासी अनु, सुखदासपुर निवासी रीटा, मुस्तफाबाद निवासी हर्ष घायल हो र्गइं।
घायलों को सिविल अस्पताल के ट्रामा और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ट्रामा सेंटर में उपचाराधीन 21 छात्राआें में से 17 छात्राआें को बुधवार देर शाम और वीरवार को छुट्टी दे दी गई। वहीं, चार छात्राओं का अभी भी उपचार चल रहा है। वहीं कुछ छात्राएं गाबा अस्पताल में भी उपचाराधीन हैं।