यमुनानगर। सदर थाना क्षेत्र के शादीपुर टोल टैक्स के पास पुरानी रंजिश के चलते बोलेरो पिकअप चालक ने जानलेवा हमला करने, रास्ता रोकने और वाहन में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन नामजद समेत अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव शादीपुर निवासी गौरव ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपनी बोलेरो पिकअप से माल ढुलाई का काम करता है। पहले वह अमरीश शर्मा के साथ काम करता था, लेकिन बाद में अलग होकर काम शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर अमरीश उससे रंजिश रखने लगा। आरोप है कि 27 जुलाई को अमरीश गांव में आकर उसे अपने साथ काम करने का दबाव बनाते हुए जान से मारने और टांगें तोड़ने की धमकी देकर चला गया था। शिकायत के अनुसार 28 जुलाई की रात गौरव अपने साथियों कुरबान और इरफान के साथ शादीपुर लौट रहा था। हनुमान मंदिर के पास अमरीश अपने साथ अनमोल, आशीष और पांच अन्य युवकों के साथ दो कारों में पहुंचा। आरोप है कि आरोपियों ने बोलेरो के आगे कार लगाकर रास्ता रोक लिया। उनके हाथों में तलवार, लोहे की रॉड और डंडे थे। एक युवक ने गौरव के चेहरे पर मुक्का मारा, जबकि अन्य ने वाहन पर हमला कर पिछला और साइड का शीशा तोड़ दिया। जान बचाने के लिए गौरव मौके से वाहन लेकर भाग निकला। आरोप है कि हमलावरों ने कुछ दूरी तक उसका पीछा भी किया। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गौरव की शिकायत के आधार पर अमरीश, अनमोल, आशीष और अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। संवाद