साढौरा। कस्बा के वार्ड-2 स्थित मोहल्ला जैन मंदिर में डेढ़ माह से पेयजल की आपूर्ति न होने से लोग बहुत परेशान हैं। गर्मी के दिनों में पेयजल की किल्लत से परेशान लोग इस बारे में स्थानीय अधिकारियों के अलावा जलापूर्ति विभाग के पोर्टल पर भी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। आशीष, अनिल सिंगला, विकास कुमार, शरद रानी, रमेश चंद, संजय कुमार व बेबी ने बताया कि गर्मी शुरु होते ही इस मोहल्ले में पेयजल की किल्लत शुरु हो गई थी। मजबूरी में उन्हें पानी के टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं। जलापूर्ति विभाग उनकी समस्या का समाधान करने में विफल रहा है। जिसके कारण लोगों में विभाग के प्रति रोष है।
जलापूर्ति विभाग के एसडीओ जफर इकबाल ने बताया कि यह मोहल्ला ऊंचाई पर होने के कारण गर्मी के दिनों में यहां पानी पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पाता है। इन दिनों वोल्टेज की कमी के कारण भी बूस्टर और नलकूप चलाने में समस्या आ रही है। इस मोहल्ले की समस्या के समाधान के लिए विशेष पाइप लाइन बिछा दी गई है। उम्मीद है कि एक दो दिन में समस्या हल हो जाएगी।