संवाद न्यूज एजेंसी
यमनुानगर। ठप जलनिकासी से दुखी दशमेश कॉलोनी के लोगों का सब्र रविवार को टूट गया। इसके विरोध में गुस्साए लोग सड़क पर उतर आए और रोष प्रदर्शन किया। साथ ही कॉलोनी के एंट्रेंस पर भाजपा वाले वोट मांगकर शर्मिंदा न करें... लिखा बैनर लगा दिया।
इसका पता लगने पर निवर्तमान मेयर मदन चौहान, वार्ड से निवर्तमान पार्षद सुरेंद्र शर्मा, वार्ड-15 से निवर्तमान पार्षद प्रिंस शर्मा पहुंचे। जिन्हें पैदल ही पूरी कॉलोनी में लोगों ने सीवर के मेन होल से गलियों में कई माह से लगातार बह रहा गंदा पानी व उससे जमा कीचड़ दिखाया। सीवर के साथ दोनों ओर जाम पड़ी अंडरग्राउंड नालियां भी दिखाई। इस बीच महिलाओं सहित निवासियों ने खरी भी सुनाई। बाद में निवर्तमान मेयर ने लोगों को आश्वासन दिया कि समस्या का जल्द समाधान कराएंगे।
कॉलोनी के संजय चतुर्वेदी, धमेंद्र, प्रमोद, संजय, पींटू ने बताया कि वर्षों से जल निकासी ठप है। हालात ये हैं कि बारिश न भी हो तो भी सीवर लाइन के मैनहोल से लगातार गंदा पानी गलियों में बहता है। कुछ समय पहले कॉलोनी की मुख्य गली में दोनों ओर नगर निगम की ओर से लाखों रुपये खर्च कर पाइप डालकर नालियां अंडरग्राउंड की गईं, पर उसके बाद से इन्हें एक भी बार साफ नहीं किया गया।
सीवर लाइन के साथ नालियां जाम पड़ी है। बारिश होने पर दो फीट तक जलभराव होता है और साथ ही सीवर व नालियों की गंदगी गलियों में कीचड़ के रूप में जम जाती है। कीचड़ के कारण कई लोग फिसलकर गिरने से चोटिल भी हो चुके हैं। गंदगी व जलभराव से बदबू व मच्छर होते हैं। साथ ही पेयजल लाइन में भी गंदा पानी मिक्स होकर घरों में सप्लाई हो रहा है। गंदगी, बदबू, मच्छर व दूषित जल के पीने से हर साल कॉलोनी में डायरियां, मलेरिया व डेंगू के केस आ रहे हैं।
अभी भी कॉलोनी में कई उल्टी-दस्त के मरीज हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम कूलर में पानी व गंदगी जांचने आती है, पर पूरी कॉलोनी में भरा पानी व जमा गंदगी पर रिपोर्ट नहीं बनाती। न तो नगर निगम और न ही जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग से सफाई कर्मी सीवर, नालियां व गलियां साफ करने नहीं आते, तब मजबूरन पैसे देकर सफाई करवानी पड़ती है।
इस बारे में नगर निगम व जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग के अफसरों से लेकर निवर्तमान पार्षद, मेयर व विधायक को कई बार अवगत कराया जा चुका है। आरोप है कि अफसर शिकायतों पर गलत रिपोर्ट दे रहे हैं, जिसमें सीवर-नालियां क्लीयर दिखा दी जाती हैं। जबकि मौके पर हालात जस के तस हैं। इस कारण कॉलोनी के लोगों को मजबूर होकर सड़क पर उतरना पड़ा और भाजपा वाले वोट मांगकर शर्मिंदा न करें...लिखा बैनर लगाना पड़ा।
उनकी मांग है कि कॉलोनी से अन्य कॉलोनियों के सीवर का गंदा पानी न निकाला जाए, उसे अलग पाइप लाइन डायवर्ट किया जाए। ऐसा न किया गया तो कॉलोनी के लोग खुद दूसरी कॉलोनी के सीवर का कॉलोनी से निकल रहा गंदा पानी रोकने पर विवश होंगे। क्योंकि कॉलोनी में डाली गई सीवर लाइन काफी पुरानी व संकरी है, जिसमें से कई कॉलोनियों के सीवर का गंदा पानी निकलना संभव नहीं है।
इस बारे मेें संबंधित विभागों को अफसरों को दिशा निर्देश देकर समाधान कराएंगे। समस्या जल्द दूर कराई जाएगी। - मदन चौहान, निवर्तमान मेयर, नगर निगम।