यमुनानगर। यदि आपके घर पुराने कपड़े, प्लास्टिक का टूटा फूटा सामान, बिजली का खराब सामान पड़ा है तो उसे फेंके नहीं। उसे नगर निगम द्वारा बनाए गए ट्रिपल आर (रिसाइकल, रीयूज व रिड्यूस) सेंटर में दे सकते है। सेंटर में इस बेकार सामान को पुन: इस्तेमाल करने के लिए अन्य सामान तैयार किया जाएगा। इससे जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा, वहीं, बेकार वस्तुओं को दोबारा इस्तेमाल के लिए अन्य रूप दिया जाएगा। निगम द्वारा नेहरू पार्क, बैंक कॉलोनी, कांसापुर व अन्य स्थानों पर ट्रिपल आर केंद्र बनाकर पुराने कपड़े व बेकार सामान लिया जा रहा है। इसके अलावा संतपुरा रोड स्थित गुरु गोबिंद सिंह कॉलेज ऑफ फार्मेसी द्वारा भी ट्रिपल आर सेंटर बनाया गया है। जहां लोगों को पुराने कपड़े व सामान के बदले कपड़े के थैले भी दिए जा रहे हैं। निगमायुक्त आयुष सिन्हा ने शहरवासियों से अपील की कि वे पुराने कपड़ों, प्लास्टिक, बिजली व अन्य सामान को कचरे में न फेंके। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के तहत नगर निगम द्वारा ट्रिपल आर सेंटर पर वेस्ट टू एक्सचेंज कार्यक्रम शुरू किया गया है। इसके तहत पुराने कपड़े, प्लास्टिक का सामान, ई-वेस्ट और घर का बेकार हो चुका सामान देने वालों को कपड़े के थैले दिए जा रहे हैं।