यमुनानगर। चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुप्राविधिक संस्थान, हथनीकुंड में प्रवेश प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है। पहली कटऑफ सूची के तहत सीट आवंटन पाने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों की भौतिक जांच का कार्य बुधवार को पूरा कर लिया गया। अब तक विभिन्न ट्रेडों में 82 विद्यार्थी प्रवेश ले चुके हैं। वहीं शेष सीटों को भरने के लिए 26 जून से दूसरी काउंसलिंग शुरू होगी, जो 30 जून तक चलेगी।
संस्थान के अनुसार पहली कटऑफ सूची में 145 विद्यार्थियों को विभिन्न ट्रेडों में सीटें आवंटित की गई थीं। इनमें से प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने वाले विद्यार्थियों के दस्तावेजों की भौतिक जांच बुधवार को संपन्न हुई। दाखिला इंचार्ज दीपक मेहता ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए प्रत्येक दस्तावेज की बारीकी से जांच की गई है। पात्र पाए गए विद्यार्थियों के दाखिले को अंतिम रूप दिया गया है। अब तक सिविल इंजीनियरिंग ट्रेड में आठ, कंप्यूटर इंजीनियरिंग में 14, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में 20, मैकेनिकल इंजीनियरिंग में 20 तथा मेडिकल लैब टेक्नोलॉजी (एमएलटी) में 20 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है। वहीं इस सत्र से शुरू की गई नई ब्रांचों में शुगर टेक्नोलॉजी में दो और एन्वायरमेंट इंजीनियरिंग में एक विद्यार्थी ने दाखिला लिया है।
दाखिला इंचार्ज ने बताया कि 26 से 30 जून तक आयोजित होने वाली दूसरी काउंसलिंग के दौरान बची हुई सीटों के लिए विद्यार्थियों को मौका दिया जाएगा। उम्मीद है कि इस चरण में विभिन्न ट्रेडों की अधिकांश रिक्त सीटें भर जाएंगी। संस्थान प्रशासन विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। इस सत्र से शुरू की गई शुगर टेक्नोलॉजी और एन्वायरमेंट इंजीनियरिंग ब्रांचों को लेकर भी विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। संस्थान की ओर से आसपास के गांवों में पहुंचकर विद्यार्थियों और अभिभावकों को इन पाठ्यक्रमों की उपयोगिता और रोजगार संभावनाओं की जानकारी दी जा रही है। इसी कड़ी में गांव के सरपंच रामेश्वर दास ने भी अपने गांव के विद्यार्थियों को एकत्रित कर नई ब्रांचों में प्रवेश लेने के लिए प्रेरित किया।
राजकीय पॉलिटेक्निक की प्राचार्या सरला ने कहा कि संस्थान में गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाओं और रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों का लाभ मिल रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से दूसरी काउंसलिंग का लाभ उठाकर समय पर प्रवेश लेने की अपील की।