यदि आप बीमार हैं और बेड से उठकर डॉक्टर के पास जाने की हालत में नहीं
हैं, तो घबराइये नहीं। अब सरकारी डॉक्टर और नर्स चेकअप करने आपके घर पर
पहुंचेंगे।
इसके लिए मुकंद लाल सिविल अस्पताल में अब विशेष ओपीडी की शुरुआत
की गई है। उप सिविल सर्जन और अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. विजय दहिया
ने शुक्रवार को अस्पताल में इसका विधिवत रूप से शुभारंभ किया।
स्वास्थ्य
विभाग के नॉन कम्यूनिकेबल डिसीज डिपार्टमेंट की ओर से इस विशेष ओपीडी के
लिए प्रदेश के चार जिलों यमुनानगर, अंबाला, कुरुक्षेत्र और मेवात का चयन
किया गया है।
फिलहाल यमुनानगर में इस ओपीडी की शुरुआत हो गई है। इस ओपीडी
का मकसद बेड पर पड़े गंभीर मरीजों को उनके घर पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध
कराना है। इसके तहत हर मंगलवार को बेड से उठ पाने में असमर्थ गंभीर रूप से
बीमार रोगियों के घर जाकर उनका इलाज किया जाएगा।
मरीज के घर जाने वाली
मेडिकल टीम में एक प्रशिक्षित चिकित्सक और एक स्टाफ नर्स के अलावा एक
कोआर्डिनेटर और काउंसलर भी होगा। इस टीम के पास एक स्टैथस्कोप, ब्लड प्रेशर
मापक यंत्र, टार्च, थर्मामीटर, जीभ चेकिंग उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स और दर्द
निवारक दवाएं उपलब्ध रहेंगी। इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए मरीजों के
परिजनों को पहले सिविल अस्पताल आकर रजिस्ट्रेशन करवाना होगा।
सिविल अस्पताल
की विशेष ओपीडी में प्रत्येक शुक्रवार को रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।