शहर को पॉलिथीन मुक्त बनाने के लिए सोमवार को मेयर मदन चौहान ने विभिन्न स्कूलों के प्रतिनिधियों और अध्यापकों की मीटिंग की। मेयर ने उन्हें विद्यार्थियों को स्कूल में होनी वाली प्रेयर में वन टाइम यूज पॉलिथीन व प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। पॉलिथीन पर प्रतिबंध को लेकर विद्यार्थी रैली निकाल कर भी जागरूक करें। पॉलिथीन के अलावा मेयर ने प्रतिनिधियों को आठवीं से 12 तक के विद्यार्थियों को एक्टिवा व बाइक पर स्कूल न आने के भी निर्देश दिए। वहीं, स्कूल में उत्पन्न होने वाले कूड़े से खाद बनाकर पेड़ व पौधों में उसका इस्तेमाल करने के भी सुझाव दिए गए। मीटिंग में सीएसआई अनिल नैन, थापर इंटरनेशनल स्कूल प्रिंसिपल मिन्नी शर्मा, सावत्री एमपी स्कूल जोगिंद्र नगर के मैनेजर तेजपाल शर्मा, परमहंस विद्या मंदिर विजय कॉलोनी के प्रिंसिपल सुरिंद्र कुमार, एसडी पब्लिक स्कूल प्रीत नगर से सुनीता घई, अनिता, न्यू वर्ल्ड मिडल स्कूल से मोहम्मद यासीन, गर्वमेंट मिडल स्कूल लेबर कॉलोनी से परनीश कुमार, न्यू सीनियर सेकेंडरी स्कूल चांदपुर से आरके राणा, विजेंद्र कुमार, गर्वमेंट मिडल स्कूल चांदपुर से सुखबीर सिंह, गोल्डन मिडल स्कूल से कृष्ण लाल, चेतन्य विद्या मंदिर से राम बिहारी शर्मा, विनय कुमार, न्यू हैप्पी पब्लिक स्कूल से भूपिंद्र सिंह, गर्वमेंट पब्लिक स्कूल बाड़ी माजरा से कर्मसिंह, विश्वास पब्लिक स्कूल से रश्मि गुप्ता व नरेंद्र आदि मौजूद रहे।
मेयर चौहान ने कहा कि किसी भी अभियान को कामयाब बनाने में स्कूल व कॉलेज महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। विद्यार्थियों की आवाज का आम जनता पर अधिक असर होता है। नगर निगम के पॉलिथीन मुक्त अभियान में भी विद्यार्थी अहम भूमिका निभाए। उन्होंने अध्यापकों ने निर्देश कि वे प्रेयर के अलावा समय समय पर कक्षाओं में भी पॉलिथीन टॉपिक पर बच्चों को जागरूक करे। उन्हें लंच बॉक्स में पॉलिथीन व सिलवर फोयल न लेकर आने, किताबों पर पॉलिथीन न लिपेटने व प्लास्टिक का सामान इस्तेमाल न करने के निर्देश दे।