संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की ओर से संपत्ति सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। अब तक नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी क्षेत्र की 216808 संपत्तियों में से 107345 संपत्तियां सत्यापित की जा चुकी हैं। ऐसे में 49.51 प्रतिशत संपत्तियां सत्यापित कर नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी पहले स्थान पर है।
कार्य को गंभीरता व तेजी से कराने के लिए सोमवार को अतिरिक्त निगम आयुक्त डा. विजय पाल यादव ने संपत्तियां सत्यापन में लगे कर्मचारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने सभी कर्मियों को रोजाना 20 से अधिक संपत्तियां सत्यापित करने के निर्देश दिए। नगर निगम क्षेत्र की संपत्तियां सत्यापित करने के लिए वार्ड वाइज नगर निगम की टीमें बनी हुई हैं।
प्रत्येक वार्ड में तीन से चार कर्मचारी इस कार्य में लगे हैं। कर्मी घर-घर जाकर संपत्तियां सत्यापित करवा रहे हैं। इनके अलावा तीनों निगम कार्यालयों के नागरिक सुविधा केंद्रों में भी संपत्ति सत्यापित की जा रही है। अतिरिक्त निगम आयुक्त डॉ. विजय पाल यादव व क्षेत्रीय कराधान अधिकारी अजय वालिया ने बताया कि संपत्तियां सत्यापित करवाना बहुत जरूरी है। मालिक स्वयं भी अपनी संपत्ति सत्यापित कर सकते हैं। इसके लिए मालिक सबसे पहले एनडीसी की साइट पर जाए। रजिस्ट्रेशन के लिए मोबाइल नंबर से लॉगिन करें और सर्च फील्ड से प्रॉपर्टी आईडी सर्च करें।