राजकीय स्कूल बैंक कॉलोनी में निरीक्षण के दौरान पानी की टंकी की जांच करते जिला मौलिक शिक्षा अधिक
जगाधरी। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक राणा ने मंगलवार को राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में सफाई व्यवस्था, मध्याह्न भोजन, शौचालयों की सफाई, पेयजल व्यवस्था इत्यादि का निरीक्षण किया। वहीं, एफएनएन समन्वयक संजीव सैनी ने बच्चों की शैक्षिक विकास की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने बैंक कॉलोनी स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी अशोक राणा ने विद्यालय के अभिलेखों (स्कूल रिकॉर्ड), विद्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था, पानी की टंकियों, शौचालयों और मध्याह्न भोजन संबंधित व्यवस्था का अवलोकन किया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय भवन, कक्षाओं की स्थिति, कक्षा में रोशनी व हवा के साथ बिजली प्रबंधन के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं, विद्यार्थियों की शैक्षिक प्रगति व परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में शिक्षकों को निर्देश दिए। संवाद