संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। खंड की ग्रामीण चौकीदार कमेटी की बैठक का आयोजन बीडीपीओ कार्यालय में प्रांगण में किया गया। बैठक में चौकीदारों की समस्याओं के बारे में विचार विमर्श किया गया। इसके अलावा नई ग्रामीण चौकीदार कमेटी का गठन किया गया। कमेटी के सदस्यों का चुनाव जिला प्रधान रणजीत सिंह की अध्यक्षता में किया गया।
रणजीत सिंह ने कहा कि प्रदेश के चौकीदारों के द्वारा मांगों को लेकर पिछले काफी समय से संघर्ष किया जा रहा है। चौकीदारों को नियमित किया जाए, सरकारी कर्मचारियों की तरह सुविधाएं प्रदान की जाए, चौकीदारों को प्रतिमाह 26000 रुपये मानदेय दिया जाए, चौकीदारों का मानदेय समय से दिया जाए। प्रधान के लिए सुरेंद्र कुमार को चुना गया।
जसविंद्र सिंह को उपप्रधान, प्रदीप कुमार को कैशियर, जगमोहन को सचिव, मनीष व राकेश को सलाहकार, सतीश कुमार को सहसचिव, सह कैशियर मान सिंह, सह कैशियर सुनील कुमार, मीडिया सलाहकार विक्रम कश्यप को चुना गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का फूल मालाएं पहनाकर स्वागत किया गया।
नवनियुक्त सदस्यों ने कहा कि उनका सबसे पहला प्रयास चौकीदारों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाना रहेगा। इसके साथ चौकीदारों के अधिकारों के लिए संघर्ष करेंगे। इस मौके पर साेहन लाल, श्याम लाल, राजेश कुमार, वेद प्रकाश सहित अनेक चौकीदार मौजूद रहे।