संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम क्षेत्र के विकास, सफाई व्यवस्था व शहर के कई अहम मुद्दों पर मंगलवार को कार्यालय में मेयर सुमन बहमनी और नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में शहर में चल रहे प्रस्तावित विकास कार्यों पर समीक्षा की गई और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की गई। इस दौरान हमीदा हेड के पास नौ एकड़ में बनने वाले सुंदर पार्क व पश्चिमी यमुना नहर किनारे रिवर फ्रंट बनाने की परियोजनाओं पर जल्द काम शुरू करने की योजना तैयार की गई। बैठक में सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा शहर की सफाई व्यवस्था व विकास कार्यों का रहा।
महाबीर प्रसाद ने मेयर को हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र को साफ, सुंदर , स्वच्छ व व्यवस्थित बनाने का आश्वासन दिया। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था के साथ सड़कों के सुधार, जल निकासी व्यवस्था, सार्वजनिक शौचालयों की सफाई, स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियों को दुरुस्त करने, लावारिस पशुओं को पकड़ने, नियमित हुई कॉलोनियों में पक्की गलियां, नालियां व अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर बिंदु वार विचार-विमर्श हुआ। बैठक में शहर की साफ-सफाई, जल निकासी, आधारभूत ढांचे का सुदृढ़ीकरण और नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि यमुनानगर-जगाधरी को एक आदर्श और आधुनिक शहर के रूप में विकसित करना, जहां हर नागरिक को बेहतर सुविधाएं मिलें। नगर को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक बनाने के लिए सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है।