संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रतापनगर में ज्ञान, दान एवं काउंसलिंग कार्यक्रम के अंतर्गत हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के सदस्य अमर सिंह ने बच्चों को जीवन में आने वाली चुनौतियाें का सामना करने की प्रेरणा दी। साथ ही कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि अगर हम जीवन में आगे बढ़ना चाहते हैं तो किसी भी प्रकार का अभाव हमारे लक्ष्य को रोक नहीं सकता। जीवन में अगर आगे बढ़ाना है तो अनुशासन का पालन करें अपने माता-पिता व गुरुजनों का सम्मान करें, नशे से दूर रहें। स्वयं के साथ -साथ राष्ट्र के लिए भी जीने का संकल्प लें। उन्होंने विद्यालय में पौधरोपण भी किया।
अमर सिंह व वरिष्ठ समाजसेवी संघ के पुराने कार्यकर्ता डॉक्टर सुरेंद्र सिंगला के विद्यालय में आगमन पर स्टाफ व विद्यार्थियों में बहुत उत्साह रहा। प्रधानाचार्या गीता खन्ना ने विद्यालय की उपलब्धियों बारे भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का 12वीं का परीक्षा परिणाम लगभग 92 प्रतिशत रहा। मुख्य अतिथि ने स्ट्रीम अनुसार अपनी कक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आए बच्चों को सम्मानित भी किया। साथ ही विद्यालय व विद्यार्थियों के परिवार के सभी सदस्यों को अच्छे परीक्षा परिणाम की शुभकामनाएं दी। मौके पर विजय कुमार, गौतम गोबिंद, नितिन शर्मा व अन्य स्टॉफ सदस्य उपस्थित रहें।