संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। छठ पूजा के लिए पिछले सप्ताह तक नगर निगम कर्मचारी, सामाजिक संगठन के सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता सहित अन्य लोग घाटों की दिन रात सफाई कर रहे थे। अब छठ पूजन के बाद यमुना के वहीं घाट पहले से ज्यादा गंदे नजर आ रहे हैं। घाटों पर हर तरफ गंदगी के ढेर व कचरा फैला नजर आ रहा है। पूजन से पहले यमुना सहित घाटों को पूजनीय बताकर दुर्दशा पर आपत्ति जताने वाले तमाम लोगाें अब इस ओर देख भी नहीं रहे हैं।
छठ के बाद यमुना नहर सहित सभी घाटों पर पहले से ज्यादा गंदगी दिखाई दे रही है। चूंकि यहां आए लोग पूजन के बाद तमाम तहर के व्यर्थ पदार्थ व अवशेष घाटों पर ही छोड़कर चले गए हैं। हालात ऐसे हैं कि दो दिन पहले रंग बिरंगी रोशन व सफाई से चकते घाट अब गंदगी से पटे पड़े हैं। चारों तरह पॉलिथीन, प्लास्टिक की बोतलें, डिस्पोजल, धूप-अगरबत्ती के पैकेट, फूल-मालाएं, मिठाइयों व पटाखों के खाली डिब्बे सहित अन्य सामान बिखरे पड़े हैं।
यह गंदगी हवा संग बहकर यमुना नहर में गिर रही है। कल तक दो समय पूजी गई यमुना अब मैली हो रही है, जिसकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। छठ पूजा के लिए कई दिनों से यमुना नहर के घाटों की सफाई की जा रही थी। नहर घाट पर दो दिवसीय पूजा के बाद छठ पर्व का समापन हो गया है। इस दौरान यमुना घाट पर हजारों लोग पहुंचे थे।
यहां पर महिलाओं ने वेदियों पर पूजा की। इस पर्व में महिलाएं नहर के पानी में खड़ी होकर सूर्य को अर्घ्य देती हैं। छठ पूजा के बाद अब सभी घर लौट गए हैं। परंतु छठ पूजन व मेले के बाद यमुना के घाटों पर पहले से ज्यादा कचरा नजर आ रहा है। पूजा करने आए श्रद्धालु ही घाट पर कचरा छोड़ गए हैं। वहीं, घाटों पर स्टाल लगाकर प्रसाद बांटने, चाय-पकौड़े व अन्य खाद्य सामग्री बांटने वाले सामाजिक कार्यकर्ता भी इस ओर आंखें मूंद कर लौट गए हैं।
वहीं पूजा के बाद नगर निगम भी घाटों की उपेक्षा कर रहा है। निगम के कर्मचारी यहां पर केवल शुक्रवार सुबह तक नजर आए। पूजन के बाद जब श्रद्धालु लौट गए तो कर्मचारी भी वापस चले गए। यदि यहां सफाई न की गई तो यमुना मैली हो गई और इस कचरे से जलीय जीवों को नुकसान होगा।
इस दौरान ओपी जिंदल पार्क के पास घाट, बाड़ी माजरा पश्चिमी यमुना घाट, जमना गली स्थित घाट, दशमेश कॉलोनी स्थित घाट, आजाद नगर स्थित घाट, चिट्टा मंदिर स्थित घाट, पुराना हमीदा स्थित घाट, जम्मू कॉलोनी स्थित घाट बूड़िया स्थित सभी पूजन वाले सभी घाटों पर भारी गंदगी फैली है।
घाटों का अधिकारी मौका मुआयना करेंगे। छठ के बाद सप्ताहांत के चलते छुट्टी पड़ गई थी। इससे सफाई नहीं हो पाई है। अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देश दिए जाएंगे। सभी स्थानों पर सफाई करवाई जाएगी। - आयुष सिन्हा, नगर निगम आयुक्त।