संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में पिछले दिनों हुई बारिश के बाद बढ़ी ठंड का असर अब लोगों की सेहत पर दिखाई देने लगा है। दिन और रात के तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण अस्थमा और सांस के मरीजों की परेशानी बढ़ने लगी है। वहीं, वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम, नजला और खांसी के मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है।
जिला नागरिक अस्पताल और उप जिला नागरिक अस्पताल जगाधरी में ऐसे मरीज बड़ी संख्या में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। इनमें बुजुर्गों की संख्या अधिक है। चिकित्सक मरीजों को दवाओं के साथ संतुलित खानपान रखने और ठंड से बचाव करने की सलाह दे रहे हैं।
उप जिला अस्पताल जगाधरी के एसएमओ डॉ. अनुज मंगला ने बताया कि दिन और रात के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव होने से लोगों में नजला, खांसी और वायरल बुखार की समस्या बढ़ रही है। इसके साथ ही अस्थमा और सांस के रोगियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मौसम में बदलाव के कारण अस्थमा के मरीजों की दिक्कत बढ़ जाती है। कई मरीजों को हल्की सर्दी-जुकाम या संक्रमण होने के बाद सांस लेने में परेशानी होने लगती है। उन्होंने बताया कि इस समय अस्पताल में रोजाना करीब 15 से 20 सांस और अस्थमा से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं।
इसके अलावा नजला, खांसी और वायरल संक्रमण के मरीज सबसे अधिक हैं। मौसम में बदलाव के दौरान ऐसे मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। डॉ. मंगला ने बताया कि बीमारी से बचाव के लिए संतुलित खानपान अपनाएं और मौसमी फल व सब्जियों का सेवन करें।
संक्रमण से बचने के लिए बरतें सावधानी : डॉ. अनुज
डॉ. अनुज ने बताया कि मौसम में बदलाव और बढ़ती ठंड के दौरान अपनी सेहत का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। इसके लिए घर से बाहर निकलते समय गर्म कपड़े पहनें और प्रदूषण वाले स्थानों पर जाने से बचें। सुबह और शाम अधिक ठंड होने पर अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से परहेज करें। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए गर्म पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करें। बाहर जाते समय मास्क जरूर पहनें, ताकि धूल और धुएं से बचाव हो सके। अस्थमा के मरीज नियमित रूप से इन्हेलर और चिकित्सक की ओर से बताई गई दवाएं लेते रहें। इसके अलावा घर के अंदर हल्का व्यायाम करें।