यमुनानगर। ऑस्ट्रेलिया का स्टडी और टूरिस्ट वीजा लगवाने के नाम पर युवती और उसके परिवार से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में आर्थिक अपराध शाखा की टीम ने पंजाब के मोहाली जिले के खूनी माजरा निवासी गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर पांच दिन के रिमांड पर लिया है।
आर्थिक अपराध शाखा प्रभारी मनजीत के अनुसार गांव ककड़ौनी निवासी रंजीता ने शिकायत में बताया था कि गुरप्रीत सिंह ने उसे ऑस्ट्रेलिया भेजने के लिए स्टडी और टूरिस्ट वीजा लगवाने का भरोसा दिया था। इसके लिए आरोपी ने करीब 30 लाख रुपये खर्च होने की बात कही थी। परिवार ने 10 जनवरी 2024 को आरोपी को करीब 14 लाख रुपये नकद दिए थे।
विज्ञापन
इसके अलावा अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से छह लाख 85 हजार रुपये भी उसके खाते में भेजे गए। इस तरह परिवार ने कुल 20 लाख 85 हजार रुपये आरोपी को दिए। आरोप है कि करीब सात महीने तक आरोपी वीजा नहीं लगवा पाया। इसके बाद उसने ऑस्ट्रेलिया की जगह इंग्लैंड भेजने का झांसा दिया और फाइल करनाल से लगवाने की बात कही। पीड़ित परिवार ने जब अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी फीस रिफंड करवाने के नाम पर टालमटोल करने लगा। शिकायतकर्ता के अनुसार, रुपये वापस मांगने पर उसे धमकियां भी दी गईं। इसके बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत दी।
थाना साढौरा में 19 फरवरी 2026 को प्राथमिकी दर्ज कर जांच आर्थिक अपराध शाखा को सौंपी गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी गुरप्रीत सिंह को पंजाब के मानसा जिले से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लाख रुपये बरामद किए हैं। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से बाकी रकम व अन्य तथ्यों का पता लगाने का प्रयास करेगी।