संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। श्रीकृष्ण की अलौकिक एवं अद्भुत रासलीला का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में सराबोर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और भगवान श्री कृष्ण की लीलाओं का आनंद उठाया।
रासलीला के दौरान कलाकारों ने श्री कृष्ण के जीवन से जुड़ी विभिन्न लीलाओं का सजीव मंचन किया, जिसे देखकर उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। मधुर भजनों, आकर्षक वेशभूषा और उत्कृष्ट अभिनय ने कार्यक्रम को और भी प्रभावशाली बना दिया। दर्शकों ने पूरे समय भक्ति में लीन होकर प्रस्तुति का आनंद लिया।
मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व प्रधानाचार्य राधे लाल उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि में जन कल्याण समिति के चेयरमैन संदीप गुप्ता, सुमेर वालिया, रमेश आर्य और शिवचरण मित्तल शामिल रहे। दीप प्रज्ज्वलन से रासलीला मंचन की शुरुआत हुई। राधे लाल ने कहा कि वृंदावन से आई कलाकारों की टीम द्वारा प्रस्तुत रासलीला अत्यंत सुंदर, जीवंत और मनमोहक है।
कार्यक्रम की शुरुआत में यमुना मंदिर कमेटी के प्रधान प्रवीन बटार ने बताया कि रासलीला का आयोजन क्षेत्र के श्रद्धालुओं को भगवान श्री कृष्ण की बाल एवं युवा लीलाओं से अवगत कराने और धार्मिक भावनाओं को सुदृढ़ करने के लिए किया गया है। इस आयोजन में संजय कालस, अमर बटार, रमेश आर्य, कंवरपाल सहित अनेक गणमान्य एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।